Top Stories

शाहिद अफरीदी के छक्कों का बड़ा रिकॉर्ड, रोहित शर्मा ने तोड़ा, ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय

सुजीत गुप्ता
20 Nov 2021 5:19 AM GMT
शाहिद अफरीदी के छक्कों का बड़ा रिकॉर्ड, रोहित शर्मा ने तोड़ा, ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय
x

भारतीय क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को दूसरे टी-20 मैच में न्यूजीलैंड को एकतरफा अंदाज में सात विकेट से हरा दिया। रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया ने बेहतरीन खेल दिखाया और मेहमान टीम के खिलाफ हर क्षेत्र में भारी पड़ी। भारतीय टीम ने लगातार दो मुकाबले जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त भी ले ली।

टीम इंडिया के टी20 कप्तान रोहित शर्मा ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ 36 गेंद पर 55 रनों की पारी खेली और इस दौरान पांच छक्के ठोके। रोहित ने चौथे ओवर की चौथी गेंद पर एडम मिल्ने की बॉलिंग पर पुल शॉट खेलकर जैसे ही मैच का पहला छक्का लगाया, वैसे ही एक खास मामले में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी को पीछे छोड़ दिया। इंटरनैशनल क्रिकेट में सबसे तेज 450 छक्के लगाने के मामले में रोहित ने अफरीदी को पीछे छोड़ दिया। रोहित ने 404वीं पारी में यह कारनामा किया, जबकि अफरीदी ने 487 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था। इंटरनैशनल क्रिकेट में 450+ छक्के लगाने के मामले में रोहित इकलौते भारतीय हैं।

सबसे ज्यादा टी20 इंटरनैशनल छक्कों की बात करें तो इस मामले में रोहित दूसरे नंबर पर हैं। रोहित से आगे न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल हैं। गप्टिल ने 111 मैचों में कुल 161 छक्के लगाए हैं, जबकि रोहित ने 118 मैचों में 147 छक्के जड़े हैं। टी20 इंटरनैशनल में सबसे ज्यादा छक्कों के मामले में तीसरे नंबर पर गेल हैं, जिन्होंने 124 छक्के लगाए हैं। रोहित अगर इस सीरीज के आखिरी मैच में खेलते हैं और तीन छक्के लगा लेते हैं, तो भारत की ओर से 150 टी20 इंटरनैशनस छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।

सुजीत गुप्ता

सुजीत गुप्ता

    Next Story