Top Stories

खादी मेला सह प्रदर्शनी का उद्घाटन, शाहनवाज बोले- खादी और हैंडलूम का विकास कर रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगें

सुजीत गुप्ता
12 Dec 2021 6:32 AM GMT
खादी मेला सह प्रदर्शनी का उद्घाटन, शाहनवाज बोले- खादी और हैंडलूम का विकास कर रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगें
x

आरा।आरा के रमना मैदान में उद्योग विभाग के बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आयोजित खादी मेला सह प्रदर्शनी का बिहार विधान के सभापति सभापति अवधेश नारायण सिंह ,उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन, कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह , पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह जी के साथ शुभारंभ किया।

इस मौके पर उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार में इथेनॉल की पहली फैक्ट्री आरा के गड़हनी प्रखंड के देवढ़ी गांव में खुलेगी। इसका निर्माण कार्य 500 करोड़ रुपए की लागत से चल रहा है, जो अगले वर्ष मार्च में पूरा हो जाएगा। इस फैक्ट्री के शुरू होने से स्थानीय सैकड़ों लोगों को जहां सीधे तौर पर फैक्ट्री में रोजगार मिलेगा, वही हजारों बेरोजगार लोगों को नए रोजगार के अवसर मिलेंगे।इथेनॉल फैक्ट्री के खुलनेे से भोजपुर जिले में कृषि क्षेत्र से जुड़़े किसानोंं का तेजी से विकास होगा। रमना मैदान में समारोह के दौरान मंत्री ने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 5 लाख बेरोजगारों को अनुदानित दर पर ऋण देकर रोजगार दिया जाएगा। वर्ष 2025 तक देश के अन्य राज्यों से विकास के मामले में हमारा बिहार काफी आगे होगा।


बिहार में उद्योग लगाने के लिए अब तक 3 हजार करोड़ रुपए का प्रस्ताव विभिन्न व्यवसायिक संस्थानों के द्वारा आ चुका है। धीरे-धीरे हमारा बिहार बदल रहा है, इसे अधिक रफ्तार देने की जरूरत है। राज्य में खादी और हैंडलूम का तेजी से विकास कर स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार के लायक बनाया जाएगा। भोजपुर जिले से हमारा पहले से ही निजी संबंध है, इस कारण हम यहां राज्य का पहला इथेनॉल फैक्ट्री खोलने जा रहे हैं। राज्य में पहली बार सिवान में और दूसरी बार भोजपुर जिले में राज्य स्तरीय खादी मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है, जो अपने आप में काफी महत्वपूर्ण है।

बिहार के कृषि मंत्री सह आरा विधायक अमरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि बिहार में खादी और उद्योग-धंधे तेजी से लगने शुरू हो गए हैं। हमारे यहां 45000 एमटी मक्का का उत्पादन होने के बाद भी इसका हम कोई व्यवसायिक उपयोग नहीं कर पाते थे। बिहार में रोजगार धंधा नहीं होने के कारण हमारे मक्का से महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल व्यवसाय करते थे। अब बिहार में डबल इंजन की सरकार है। अब मक्का से इथेनॉल बनाया जाएगा। इसकी फैक्टरी भोजपुर समेत राज्य के अन्य हिस्सों में खोली जा रही है।

खादी मेले में बोलते हुए बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने खादी और उद्योग के क्षेत्र में शाहनवाज हुसैन के द्वारा किए जा रहे प्रयास की प्रशंसा की। भोजपुर वासियों से उन्होंने खादी मेले सह प्रदर्शनी का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने की अपील की। पूर्व मंत्री सह बड़हरा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने उद्योग मंत्री के पहल की प्रशंसा करते हुए उन्हें हर तरह से सहयोग करने का वादा किया। मौके पर खादी ग्रामोद्योग के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अशोक कुमार सिंह, जदयू के जिलाध्यक्ष संजय सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रेम रंजन चतुर्वेदी, उप विकास आयुक्त हरि नारायण सिंह, उद्योग महाप्रबंधक मनोज रंजन श्रीवास्तव समेत कई अफसर मौजूद थे।

खादी मेला में झारखंड और बिहार के 48 जिले से जुड़े खादी ग्रामोद्योग के द्वारा प्रदर्शनी सह स्टॉल लगाया गया है। इसमें झारखंड के सिंहभूम खादी ग्रामोद्योग संघ चाईबासा जिले का भी स्टॉल लगा हुआ था। इस स्टॉल पर एक से एक खादी के कपड़े की बिक्री की जा रही थी। मेले में पटना, बिहार शरीफ, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, मधुबनी, नालंदा, गया, भोजपुर, बक्सर, सासाराम, कैमूर, सिवान, गोपालगंज के काउंटर हैं।

खादी मेला सह प्रदर्शनी में लगे स्टालों में सबसे ज्यादा भीड़ मधुबनी जिले के स्टॉल पर थी। मधुबनी जिले की स्पेशल खादी, रेशमी सूत, स्पेशल बुनाई-सिलाई, कटाई लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। सबसे ज्यादा लोग कपड़ा देखते हुए देखे गए। इधर, मेले परिसर में दो चरखा पर धागा बनाते हुए महिलाओं का भी स्टॉल लगाया गया था। एक स्टॉल पर बाग-मझौंवा गांव निवासी देवंती देवी धागा बनाने की जानकारी लोगों को दे रही थी।


Next Story