Top Stories

मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह का चाल, चरित्र और चेहरा उजागर, क्‍या खनिज मंत्री को मंत्रीमंडल से बाहर कर मिसाल पेश करेंगे शिवराज?

Shiv Kumar Mishra
19 Oct 2021 9:51 AM GMT
मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह का चाल, चरित्र और चेहरा उजागर, क्‍या खनिज मंत्री को मंत्रीमंडल से बाहर कर मिसाल पेश करेंगे शिवराज?
x

विजया पाठक, एडिटर, जगत विजन

मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार में खनिज मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह के चाल, चरित्र और चेहरे को उजागर करने वाला एक वीडियो वायरल हो रहा है। दरअसल विधानसभा सीट रैगांव में उपचुनाव होना है। उस क्षेत्र में चुनावी सभा के लिए खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे थे। जिस समय मुख्यमंत्री चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे, उस समय खनिज मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह महिला प्रत्याशी प्रतिमा बागरी के बालों से हाथ लगाते हुए दिखे हैं। खनिज मंत्री की इस हरकत से खुद मुख्‍यमंत्री भी असहज दिखाई दिए। मंत्री की इस चरित्रहीनता का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। विपक्ष पार्टी के नेताओं ने भी खनिज मंत्री के इस व्यवहार पर सवालिया निशान खड़ा करते हुए उन्हें तुरंत मंत्री पद से हटाये जाने की मांग मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से की है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी बृजेंद्र प्रताप सिंह की इस हरकत की निंदा की है। एक गैर जिम्मेदार मंत्री की इन हरकतों का खामियाजा पूरी सरकार को भुगतना पड़ सकता है। महिला प्रत्याशी के साथ किये गए अनैतिक व्यवहार से पर्दा उठते ही पूरी शिवराज सरकार शर्मसार हो गई है।

दो बार असहज हुई महिला- सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में देखकर साफ पता चलता है कि खनिज मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह की नियत में खोट है और वो मंच पर बैठे हुए भी खुद पर काबू नहीं रख सके। उन्होंने पहले मंच पर कुर्सी में उनके नजदीक बैठी महिला प्रत्याशी प्रतिमा बागरी की गोद में हाथ रखा और उसके बाद जिस समय शिवराज सिंह चौहान सभा को संबोधित कर रहे थे उस समय वे प्रतिमा बागरी के बालों में उलझा अपना चश्मा निकालने का दुस्साहस पूरी जनसभा के सामने करते दिखाई दिये। इस दौरान महिला मंत्री के इस व्यवहार को देख असहज दिखाई दी, लेकिन कुछ कह न सकी।

दीया तले अंधेरा..- एक कहावत है कि दीया तले अंधेरा... यानि दीया हर जगह रोशनी तो बिखेर देता है लेकिन अपने ही नीचे के अंधकार को दूर नहीं कर सकता। इसी तरह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान महिला सशक्तिकरण, स्त्री सम्मान, बेटी बचाओ की बात पूरे देश में करते घूमते हैं लेकिन उनके ही मंत्रीमंडल में एक ऐसा शख्स भी बैठा हुआ है जो नारी का सम्मान तो दूर उसके साथ ठीक से व्यवहार भी नहीं कर पा रहा है। ऐसे में भला प्रदेश की बेटियां, महिलायें खुद को कैसे सुरक्षित मानें जब रक्षा करने वाले ही भक्षक की भूमिका में दिखाई देने लगे। जिस मंच पर खुद प्रदेश के मुखिया जनता को संबोधित कर रहे थे उसी मंच पर अगर उन्हीं के मंत्रीमंडल का सदस्य इस तरह की ओछी हरकत करे तो भला इससे क्या समझा जा सकता है।

मंत्रीमंडल से बाहर कर पेश करे मिसाल- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को बृजेंद्र प्रताप सिंह की इस हरकत को संज्ञान में लेते हुए उन्हें तुरंत मंत्रीमंडल से बाहर कर प्रदेश में नारी सुरक्षा और नारी सम्मान की एक मिसाल पेश करना चाहिए ताकि फिर कोई मंत्री, विधायक या अन्य कोई व्यक्ति समाज में महिला को इस तरह से अपमानित करने, उनके साथ अनैतिक व्यवहार करने की कोशिश न करें।

संघ को करना चाहिए हस्तक्षेप- बृजेंद्र प्रताप सिंह के इस पूरे मसले पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक (आरएसएस) के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को भी संज्ञान लेना चाहिए। क्योंकि संघ की पाठशाला में नारी को सम्मान देने की शिक्षा दी जाती है ऐसे में बृजेंद्र प्रताप सिंह द्वारा की गई इस शर्मनाक हरकत के लिए उन्हें सजा तो मिलना ही चाहिए ताकि वो दोबारा किसी महिला के साथ इस तरह का व्यवहार न कर सके।

सोशल मीडिया के माध्यम से आए हुए इस वीडियो ने मुझे काफी व्यथित किया। उसको देखकर मेरे सामने द्रौपदी चीरहरण का दृश्य याद आया। प्रदेश के खनिज मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह का व्यवहार बिल्कुल दुर्योधन जैसा प्रतीत हुआ। मुझे महिला होने के नाते काफी गुस्सा आया। कैसे मुख्यमंत्री के भाषण के दौरान वो रैगांव से भाजपा प्रत्याशी प्रतिभा बागरी के केशों में हाथ लगा रहे थे और पीछे खड़े लोग हंस रहे थे। वे इसके बाद भी नहीं रुके। उन्होंने बाद में महिला को अवांछित तरीके से छुआ, जिससे महिला बड़ी असामान्य रही। मेरे लिए बात चुनाव की नहीं है। कोई हारे, कोई जीते, लोकतंत्र में हार जीत होती है। पर जब मंच में किसी मंत्री का किसी सशक्त महिला के साथ द्रौपदी जैसा व्यवहार हो रहा हो वो चिंतनीय है। मैं महिला होने के नाते प्रतिमा बागरी को सलाह देना चाहती हूं कि आज के समय द्रौपदी नहीं लक्ष्मीबाई बनने का है। आप इस तरह से कमजोर रहकर सहेंगी तो आगे विधायक बनकर क्षेत्र की जनता के लिए कैसे लड़ेंगी। आपको सोचने की जरूरत है। जब बृजेंद्र प्रताप सिंह का व्यवहार आपके प्रति ऐसा है तो सोचिए प्रदेश की भांजियों के प्रति इस दुर्योधन का व्यवहार कैसा होगा।

बृजेंद्र प्रताप सिंह का हनीट्रेप मामले में भी नाम आया था- बता दें कि महिला प्रत्याशी के साथ अनैतिक व्यवहार करने वाले ये वही मंत्री हैं जिनका नाम हनीट्रैप में आ चुका है। दरअसल, हनीट्रैप की आरोपी लड़की भोपाल स्थित रिवेरा टाउन में मंत्री बृजेंद्र सिंह के घर में रहती थी।

Next Story