उत्तर प्रदेश

अंतिम यात्रा में पहुंचे अमित शाह, बोले- भाजपा को हमेशा खलेगी कल्याण सिंह की कमी

सुजीत गुप्ता
23 Aug 2021 8:31 AM GMT
अंतिम यात्रा में पहुंचे अमित शाह, बोले- भाजपा को हमेशा खलेगी कल्याण सिंह की कमी
x

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के राज्यपाल रहे कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार बुलंदशहर जनपद के नरौरा में गंगा तट पर बासी घाट पर आज किया जाएगा। इसके लिए उनका पार्थिव शरीर अतरौली लाया गया है।

अंतिम संस्कार में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, सीएम योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के सीएम सहित कई कैबिनेट मंत्रियों के शामिल हुए है। सभी ने कल्याण सिंह को श्रद्धाजंलि दी।

पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि देने पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह को देख कल्याण सिंह के बेटे फफट कर रो पड़े। इस दौरान शाह ने उन्हें गले से लगाकर सांत्वना दी।

अतरौली पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह ने पत्रकारों से कहा कि जिस दिन राम मंदिर का शिलान्यास हुआ था, उसी दिन मेरी बाबूजी (कल्याण सिंह) से बात हुई थी। उन्होंने कहा था कि मेरे जीवन का लक्ष्य पूरा हो गया। बाबू जी का पूरा जीवन यूपी के विकास व गरीबों के लिए समर्पित रहा। देश को बेहतर गति एवं दिशा दी। प्रदेश का विकास किया।

उन्होंने अपने कार्यों की गहरी छाप छोड़ी है। बाबूजी के जाने से भाजपा में जो रिक्तता आई है, उसकी लंबे समय तक भरपाई नहीं हो सकती। बाबूजी लंबे समय से सक्रिय राजनीति में नहीं थे। लेकिन उनको उनके उम्र के साथ-साथ युवाओं का भी साथ मिला। वह हमेशा भाजपा के प्रेरणास्त्रोत रहेंगे।

गौरतलब है कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का लंबी बीमारी के बाद शनिवार रात लखनऊ के एसजीपीजीआई में निधन हो गया था। दो बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे 89 वर्षीय कल्याण सिंह 4 जुलाई से एसजीपीजीआई में भर्ती थे।


Next Story