अमरोहा

अमरोहा में 10वीं के छात्र की हार्टअटैक से मौत, क्रिकेट खेलते हुए बच्चे ने ग्राउंड पर पीया ठंडा पानी, फिर...'

Arun Mishra
31 Dec 2023 7:51 AM GMT
अमरोहा में 10वीं के छात्र की हार्टअटैक से मौत, क्रिकेट खेलते हुए बच्चे ने ग्राउंड पर पीया ठंडा पानी, फिर...
x
चिकित्सक ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है।

यूपी के जनपद अमरोहा में क्रिकेट खेलते समय दिल का दौरा पड़ने से कक्षा 10 में पढ़ने वाले एक किशोर की मौत हो गई। मोहल्ला कायस्थान निवासी राजीव सैनी का पुत्र प्रिंस (16) शनिवार दोपहर सोहरका मार्ग स्थित मैदान में खेल रहा था। खेल के दौरान प्यास लगने पर उसने जैसे ही बोतल का ठंडा पानी पिया उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।

दोस्त और परिजन प्रिंस को एक निजी क्लिनिक ले गए, जहां डॉक्टर ने दिल का दौरा पड़ने से मौत होने की जानकारी दी। प्रिंस श्रीमति सुखदेवी इंटर कॉलेज में पढ़ता था। वह तीन बहन-भाइयों में मंझली संतान था।

चिकित्सक ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है। प्रिंस तीन बहन भाइयों में दूसरे नंबर का था। छात्र की मौत से मां सविता देवी भाई लक्की, बहन मुस्कान का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रिंस की अचानक मौत होने से लोग अचंभित है।

ठंडा पानी पीते ही बिगड़ी थी हालत

साथियों ने बताया कि क्रिकेट खेलने के दौरान प्यास लगने पर प्रिंस ने बोतल में रखा ठंडा पानी पिया था। इसके कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ी थी। उधर, मुरादाबाद के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराग मेहरोत्रा का कहना है कि इस केस में ठंडा पानी पीने से दिल का दौरा पड़ने का सीधा संबंध नहीं हो सकता। मुमकिन है उसे दिल से जुड़ी कोई जन्मजात दिक्कत रही हो, कम उम्र के कारण लक्षण सामने नहीं आए हों। बच्चों और किशोरों में आमतौर पर हृदय रोग के लक्षण जल्दी सामने नहीं आते। समय-समय पर जांच कराते रहना चाहिए।

Next Story