बांदा

UP : बांदा में खाई में गिरी प्राइवेट बस! कई यात्री घायल

Arun Mishra
29 Oct 2022 2:36 PM GMT
UP : बांदा में खाई में गिरी प्राइवेट बस! कई यात्री घायल
x
यूपी के बांदा में शनिवार शाम प्राइवेट बस सड़क किनारे खाई में पलट गई।

बांदा : यूपी के बांदा में शनिवार शाम प्राइवेट बस सड़क किनारे खाई में पलट गई। घटना में लगभग एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, करीब दर्जन भर लोगों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

बांदा जिले में सवारियों से भरी एक प्राइवेट बस शनिवार शाम खाई में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के गांव वाले बचाने के लिए दौड़े। बताया जाता है कि, दुर्घटनाग्रस्त बस में 25 यात्री सवार थे। इनमें 13 घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है।

ग्रामीणों ने घायलों को बस से निकाला

हादसे के बाद बचाव के लिए ग्रामीण जुट गए। ग्रामीणों ने बस में फंसे लोगों को निकालना शुरू किया। इस बीच घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राइवेट बस सवारियों को लेकर अतर्रा से ओरन जा रही थी। जानकारी के मुताबिक, अतर्रा से ओरन रोड पर बजरंग पुर नगवारा के पास असंतुलित होकर प्राइवेट बस खाई में पलट गई। हादसे में बस में सवार 25 यात्री घायल हो गए। ये हादसा अतर्रा से ओरन रोड बजरंगपुर नागवारा के पास का है।

क्या कहा एएसपी ने?

बस हादसे के बारे में जिले के अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्रा (ASP Laxmi Niwas Mishra) ने बताया कि, 'थाना अतर्रा क्षेत्र के अंतर्गत अतर्रा से ओरन के बीच प्राइवेट बस चलती हैं। शनिवार शाम 5 बजे के करीब 25 सवारियों से भरी बस जा रही थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से बस खाई में गिर गई। हादसे में लगभग 13 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जहां सभी की हालत खतरे से बाहर है। एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। उसे बांदा के जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। शेष यात्री हादसे में बाल-बाल बच गए। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।'

Next Story