बाराबंकी

बाराबंकी में डीजे पर अश्लील गीत बजाने को लेकर घरातियों बारातियों में विवाद, बिना दुल्हन वापस लौटी बारात

Shiv Kumar Mishra
3 Dec 2022 4:24 PM GMT
बाराबंकी में डीजे पर अश्लील गीत बजाने को लेकर घरातियों बारातियों में विवाद, बिना दुल्हन वापस लौटी बारात
x

बाराबंकी।नशे में डूब कर तेज़ आवाज में डीजे पर फूहड़ गीतों पर अश्लीलता परोस रहे बारातियों को जब ग्रामीणों ने रोका तो कहासुनी के बाद विवाद हो गया। मामूली बात प्रतिष्ठा से जोड़ ली गयी। बात इतनी बढ़ी की दुल्हन की अरमानो को कुचलते हुए बाराती मंडप से दूल्हे को उठा कर बारात वापस लेकर चले गए। कन्या पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर दहेज में मोटरसाइकिल की मांग पूरी न कर पाने से बारात वापस ले जाने का आरोप लगाया है।

थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के ग्राम कुट्टी निवासी अवध राम पुत्र मिस्सन ने बताया कि उसकी पुत्री गुड़िया की शादी जिला अयोध्या के कस्बा मवई निवासी छोटू पुत्र श्याम लाल से तय थी। शुक्रवार की रात थाना जहाँगीरबाद क्षेत्र के ग्राम कुट्टी बारात पहुची। ग्रामीणों के मुताबिक बाराती नशे में डूबे थे। महिलाओं के सामने तेज आवाज में फूहड़ गीतो पर अश्लीता परोसी जाने लगी। जिसका लोगो ने विरोध किया तो बराती मारपीट पर आमादा हो गए। बात बढ़ गयी देखते ही मारो.. पकड़ो.. भागने न पाए..के शोर के बीच एक तरफ घराती और दूसरी तरफ बाराती हो गए। भारी हंगामे के बाद जिम्मेदार लोगों ने सुलह का प्रयास किया लेकिन घटना को प्रतिष्ठा से जोड़ लिया गया। इससे सुलह की कोशिशों ने भी दम तोड़ दिया।

दूल्हे को मंडप से उठा ले गए बाराती

एक तरफ विवाद चल रहा था दूसरी तरह दूल्हा दुल्हन शादी की रस्मो को निपटाने में जुटे थे। इसी बीच अचानक कुछ आक्रोशित बाराती मंडप पर पहुच कर दूल्हे को खींच लिया और कहा चलो इससे बढ़िया विवाह करवाऊंगा। कन्या पक्ष के लोग कुछ समझ पाते की दूल्हा भी बारातियों के साथ वापस चला गया। इस घटना के बाद चारो तरफ अफरा तफरी का माहौल बन गया। डायल 112 को बुलाया गया। कन्या पक्ष को पुलिस का आश्वासन मिला लेकिन सुबह होने से पहले बारात वापस लौट गई।

शादी न हुई तो जान दे दूंगी

हाथों में मेहंदी, लाल जोड़े में सजी बैठी दुल्हन के पिया संग विदा होने जैसे कई सपने नासमझी की वजह से टूट कर बिखर गए। थाने पहुच कर पीड़ित गुड़िया ने कहा साहब अगर शादी नही हुई तो जान दे दूंगी। मेरे घर वाले बहुत गरीब है मेरा बोझ अब वह नही उठा सकते। इस बाबत थानाध्यक्ष विनोद यादव ने बताया कि दूल्हा पक्ष को बुलावाया गया है। कोशिश है कि शादी कराई जाए।

रिपोर्ट- आसिफ हुसैन

Next Story