बाराबंकी

बराती और ग्रामीणों में हुई मारपीट, दूल्हे के बहनोई की हत्या, आरोपी फरार

Sakshi
13 Feb 2022 12:59 PM GMT
बराती और ग्रामीणों में हुई मारपीट, दूल्हे के बहनोई की हत्या, आरोपी फरार
x
बाराबंकी के नारायणपुर गांव में आई बारात में आर्केस्ट्रा डांस के दौरान बराती और ग्रामीणों में मारपीट हो गई, ग्रामीणों ने पीट-पीटकर दूल्हे के बहनोई को गंभीर रूप से घायल कर दिया, घायल युवक को सीएचसी बनीकोडर ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया...

उत्तर प्रदेश से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है| यहां बाराबंकी के नारायणपुर गांव में शनिवार की रात आई बारात में आर्केस्ट्रा डांस के दौरान बराती और ग्रामीणों में मारपीट हो गई। ग्रामीणों ने पीट-पीटकर दूल्हे के बहनोई को गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाराती और ग्रामीण दौड़े तो हमलावर भाग निकले। घायल युवक को सीएचसी बनीकोडर ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने एक नामजद युवक समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी फरार है।

ऐसे शुरू हुआ विवाद

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र के नारायणपुर की प्रधान सीमा देवी पत्नी सोमनाथ की पुत्री की शादी थी। बारात सफदरगंज थाना क्षेत्र के सदेवा गांव के धर्मराज पुत्र परशुराम चौहान की आई थी। बारात में आर्केस्ट्रा का आयोजन भी किया था। स्टेज पर डांस हो रहा था इसी दौरान गांव के कुछ लड़कों ने स्टेज पर चढ़ने की कोशिश की। दूल्हे धर्मराज के दूर के रिश्ते में बहनोई 40 वर्षीय सुनील कुमार निवासी ग्राम मीरापुर थाना सफदरगंज ने इन युवकों को रोकने की कोशिश की। जिससे युवकों ने विवाद शुरू कर दिया।

पीट पीटकर कर दिया अधमरा

बताया गया कि मामला बढ़ने पर नारायणपुर गांव के उत्तम सिंह अपने दो अन्य साथियों के साथ सुनील कुमार को दबोच लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। सुनील कुमार जान बचाने के लिए बारात की ओर भागा लेकिन उत्तम और उसके साथियों ने रास्ते में उसे घेर और पिटाई शुरू कर दी। शोरगुल सुनकर बाराती व अन्य ग्रामीणों उसे बचाने दौड़े। इस पर अधमरे हो चुके सुनील कुमार को छोड़कर हमलावर भाग निकले।

अस्पताल पहुंचने पर हो गई मौत

मारपीट में घायल सुनील कुमार की हालत काफी गंभीर थी। बाराती और घराती घायल सुनील कुमार को आनन-फानन सीएचसी बदोसराय ले गए यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया मृतक सुनील कुमार के परिजन टेनु लाल पुत्र बद्री चौहान निवासी ग्राम सदेवा ने मुख्य आरोपी उत्तम सिंह निवासी ग्राम नारायणपुर थाना रामसनेहीघाट व अन्य दो के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर उत्तम सिंह व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है आरोपी फरार हैं। कोतवाल अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।

Next Story