बरेली

किसान भाइयों को अच्छी सड़कें, शेड, पार्किंग और बुनियादी सुविधाएं दे रहे हैं - योगी आदित्यनाथ

Shiv Kumar Mishra
17 Dec 2020 11:44 AM GMT
किसान भाइयों को अच्छी सड़कें, शेड, पार्किंग और बुनियादी सुविधाएं दे रहे हैं - योगी आदित्यनाथ
x

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए विपक्ष पर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कृषि कानूनों पर विपक्ष बार-बार झूठ बोलकर उसे सच साबित करने में लगा है लेकिन उसका यह षड्यंत्र सफल नहीं होगा। मुख्यमंत्री ने माफिया पर कार्रवाई जारी रखने का ऐलान करते हुए कहा कि जमीनों से दबंगों के कब्जे हटते रहेंगे। दबंगों से खाली कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए मकान बनाए जाएंगे।

योगी आदित्यनाथ गुरुवार को दोहना के पास एल्डिको मैदान में किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। एक घंटे के भाषण के दौरान उन्होंने पाकिस्तान को भी आड़े हाथों लिया। इसके बाद बरेली वालों को खुशखबरी दी। कहा, बरेली में जल्द ही एयरपोर्ट शुरू हो जाएगा। इससे पहले उन्होंने 975 करोड़ रुपयों 111 सरकारी योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। वह किसान आंदोलन के बीच बरेली मंडल के किसानों को रिझाने और समझाने के लिए यहां पहुंचे थे।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में देश के युवा, गरीब, किसान के लिए जो वादे किए थे, वे सभी पूरे हो रहे हैं। कभी कहा जाता था कि भारत दुनिया की नकल करता है लेकिन मोदी सरकार आने के बाद दुनिया भारत के दिखाए रास्ते पर चल रही है। दुनिया जब कोरोना वायरस महामारी से त्रस्त थी, तब हमारे किसान खेत में सोना उगा रहे थे। वे राष्ट्र कल्याण के कार्य में लगे थे। भारत की प्रगति से जलन करने वाले लोग ये सब स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। जिन्हें देश की प्रगति अच्छी नहीं लग रही, वे झूठ बोलकर लोगों को व्यवस्था से अलग करने का प्रयास कर रहे हैं। मगर, हम सत्य के आग्रही हैं और उसी राह पर चलेंगे। मोदी जी ने कहा था कि खेत से बाजार तक एक चेन बनायेंगे, जो कि किसानों की प्रगति का मार्ग सरल करेगी। अब यह कार्य किया जा रहा।

नाम में होता है भाव

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नाम में भाव होता है। हमारे पूर्वजों ने इसी आधार पर नाम रखे। सुबह हो तो राम राम, जीवन यात्रा खत्म हो तो राम। विपक्ष को इस बात से परेशानी हो रही है कि अयोध्या में राम मंदिर बन रहा है। दूसरी परेशानी उसे इस बात से है कि कश्मीर से धारा 370 क्यों हटा दी। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने इसके विरोध में आवाज उठाई और बलिदान दे दिया। उन्होंने इस दौरान जय श्री राम और भारत माता के नारे भी लगवाए।

भारत के प्रदर्शन को सराह रही दुनिया

उन्होंने कहा कि कोरोना के काल खंड में भारत के प्रदर्शन की सराहना दुनिया कर रही है। दुनिया ने भारत के प्रबंधन को कोरोना काल में स्वीकार किया है लेकिन इसमें भी विपक्ष को परेशानी है। अब किसानों की जमीन को कब्जाने की हिम्मत किसी में नहीं है। जिन्हें किसानों की खुशहाली अच्छी नहीं लग रही है, वे ही भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। वह आज उसी भ्रम को दूर करने आए हैं।

गन्ना किसानों का भविष्य उज्ज्वल

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में उनके नेतृत्व में सरकार बनते ही किसानों का 36 हज़ार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया गया। उसके बाद किसानों की उपज के क्रय के लिए व्यवस्था की गई। किसानों को कहीं पर भटकना न पड़े, इसलिए 36 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। यहां चीनी मिल बंद हो रही थी लेकिन हमारी सरकार ने 1 लाख 12 हज़ार करोड़ का किसान का गन्ना भुगतान किया जिससे मिल भी चलें और किसान भी समृद्ध हो। गन्ना किसानों का भविष्य उज़्ज्वल है। विकास के कार्य गुमराह करने वालों को बुरा लग रहे हैं। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है इसलिए वह एक झूठ को बार-बार बोल रहा है। सरकार सूदखोरी पर लगाम लगा रही, विपक्ष को यह भी बुरा लग रहा।

Next Story