बिजनौर

बिजनौर: ड्यूटी पर तैनात सिपाही अंकुर राणा ने खुद को गोली मार आत्महत्या की

Special Coverage News
16 Aug 2019 6:22 PM IST
बिजनौर: ड्यूटी पर तैनात सिपाही अंकुर राणा ने खुद को गोली मार आत्महत्या की
x

बिजनौर। बिजनौर में तैनात बागपत निवासी सिपाही अंकुर ने शुक्रवार सुबह खुद को सरकारी रायफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक सिपाही घरेलू कारणों से परेशान था। उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है, सही बात का पता उनके आने पर ही लगेगा। पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। सिपाही अंकुर की पांच माह पहले ही उसकी शादी हुई थी।

अंकुर राणा निवासी निरपुड़ा जनपद बागपत उप्र पुलिस में सिपाही था। वह बिजनौर पुलिस लाइन में तैनात था, जहां उसकी ड्यूटी बिजनौर कलक्ट्रेट स्थित ट्रेजरी में रखी ईवीएम की सुरक्षा में लगी हुई थी।

शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे ट्रेजरी के बाहर अंकुर राणा ने अपनी सरकारी रायफल से खुद की कनपटी पर गोली मार ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। आला अफसरों ने मौका मुआयना किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अंकुर का विवाह 5 महीने पहले ही हुआ था। उसका अपनी पत्नी के साथ मनमुटाव चल रहा था, जिसके चलते वह तनाव में था। उसके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस अन्य कारणों पर भी जांच की बात कह रही है।

Next Story