
- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- बिजनौर
- /
- यूपी के बिजनौर में...
यूपी के बिजनौर में नागरिकता संशोधन बिल का विरोध, मौके पर पुलिस रही मौजूद

संसद के दोनों सदनों से पारित नागरिकता संशोधन बिल का विरोध लगातार बढ़ता ही जा रहा है। सर्दी में भारी बरसात के बीच भी लोगों ने नागरिकता संशोधन बिल का जमकर विरोध किया । लोगों ने हाथों में नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ तख्तियां लेकर अपना विरोध जताया। जनपद में भी जगह-जगह इस बिल को लेकर विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए । पुलिस प्रशासन ने भी विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हुए थे।
जुलूस शुरू होते ही अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर ज्ञापन लेकर राष्ट्रपति के दरबार तक बात पहुंचाने की बात कही। विरोध प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन भी फूंक फूंक कर कदम रख रहा था। बरसात को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि शायद अब विरोध प्रदर्शन नहीं होगा लेकिन लोग बरसात के बीच भी छतरी लेकर सड़कों पर निकले और अपना विरोध जताया।
दरअसल जमीयत उलेमा ए हिंद ने पूरे देश में नागरिकता संशोधन बिल पर विरोध जताने के लिए जुमे की नमाज के बाद अपने कार्यक्रम तय कर रखे थे। जमीयत उलेमा ए हिंद का कहना है कि यह बिल संविधान के आर्टिकल 14 और 15 का उल्लंघन करता है। जिसमें सभी धर्मों के लोगों को बराबर का अधिकार दिया गया है।
नए बिल में शरणार्थीयो पर मेहरबान होते हुए देश के नागरिकों के साथ दोहरा मापदंड अपनाया जा रहा है। नागरिकता संशोधन बिल में धर्म के आधार पर लोगों को नागरिकता दी जा रही है जो पूरी तरह से भारतीय संविधान के खिलाफ है। लोगों ने खुल्लम-खुल्ला कहा है कि हम इस भेदभाव वाले बिल को स्वीकार नहीं करते हैं। लोकसभा और राज्यसभा में बिल के पारित हो जाने पर राष्ट्रपति और न्यायालय से इस मामले में दखल देने की मांग की गई है।




