उत्तर प्रदेश

यूपी: चुनावी मूड में नजर आई भाजपा, एके शर्मा और जितिन प्रसाद को दी बड़ी जिम्मेदारी

सुजीत गुप्ता
23 Jun 2021 6:28 AM GMT
यूपी: चुनावी मूड में नजर आई भाजपा, एके शर्मा और जितिन प्रसाद को दी बड़ी जिम्मेदारी
x

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के मद्देनजर राजधानी लखनऊ में बीजेपी का महामंथन आज बुधवार को भी जारी है. चुनावी मोड में आ चुकी बीजेपी सरकार की योजनाओं के साथ संगठन के सेवा सरोकारों के जरिए बूथ से लेकर प्रदेश संगठन को मजबूत करने की योजना बनायी है.जिसको लेकर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एमएलसी अरविंद कुमार शर्मा और कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए जितिन प्रसाद को 2022 विधानसभा चुनाव के लिए बड़ी जिम्मेदारी दी गई।

एके शर्मा को माइक्रो लेबल तक संगठनात्मक कामों को आगे बढ़ाने और जितिन प्रसाद के कंधों पर ब्राम्हण समाज को जोड़ने का भार डाला गया। मंगवार को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष की अध्यक्षता में यह बैठक हुई। जिसमें मुख्यमंत्री के साथ ही पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री प्रमुख रूप से शामिल थे। प्रदेश सरकार के मंत्रियों के साथ हुई बैठक में नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा और हाल ही में कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए जितिन प्रसाद की मौजूदगी ने सभी को चौंका दिया।

बैठक में एके शर्मा को बुलाने के साथ ही तय हो गया कि उनका पार्टी में महत्व और कद बना रहेगा। एमएलसी व प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एके शर्मा मंगलवार शाम 4.50 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। परिसर में स्थित मंदिर में मत्था टेका और हर-हर महादेव का जयघोष करते हुए वह अंदर दाखिल हुए। परिसर में मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में सिर्फ इतना बोले कि प्रदेश उपाध्यक्ष बनाने के लिए नेतृत्व का आभार। इसके बाद हर-हर महादेव बोलते हुए वह अंदर गए। एके शर्मा ने सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को पत्र लिखकर प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने पर आभार व्यक्त किया था।

जितिन प्रसाद ने कहा कि पार्टी को अपने वोटरों को मजबूती के साथ जोड़े रखना होगा। उन्होंने कहा कि जो हमेशा पार्टी के लिए वोट करते रहे हैं उन्हें मजबूती से अपने साथ रखने की जरूरत है। इसके लिए उन्होंने हर संभव प्रयास करने की बात कही। वहीं भाजपा उपाध्यक्ष एके शर्मा ने कहा कि वह टीकाकरण के लिए तेजी से काम कर रहे हैं। साथ ही निचले स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ काम कर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का काम करेंगे।

Next Story