बदायूं

महिला जज की मौत का मामले में नया मोड: ज्योत्सना के पिता ने कराई हत्या की रिपोर्ट, बोले- मेरी बेटी खुदकुशी नहीं कर सकती

Shiv Kumar Mishra
4 Feb 2024 4:07 AM GMT
महिला जज की मौत का मामले में नया मोड:  ज्योत्सना के पिता ने कराई हत्या की रिपोर्ट, बोले- मेरी बेटी खुदकुशी नहीं कर सकती
x
महिला जज के पिता अशोक कुमार ने कहा कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती, उसकी हत्या हुई है। देर रात उन्होंने शहर कोतवाली में तहरीर दी। जिसमें आरोप लगाया कि अज्ञात व्यक्ति ने बेटी की हत्या की।

बीते दिनों यूपी में तैनात एक महिला जज ने इच्क्षा मृत्यु की माँग सुप्रीमकोर्ट के चीफ जस्टिस से अपनी प्रताड़ना को लेकर की थी तो वहीं अब बदायूं में महिला जज की मौत ने न्याय पालिका पर सवाल खड़े कर दिये है। इसके मृतक जज के पिता का बयान आया है कि मेरी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती है।

बदायूं में शनिवार सुबह सरकारी आवास में सिविल जज जूनियर डिवीजन ज्योत्सना राय (29) का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस के मुताबिक जज के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। हालांकि उनके पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए शहर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस गहनता से मामले की जांच में जुटी है।

मूल रूप से मऊ निवासी महिला जज ज्योत्सना राय के पिता अशोक कुमार राय का कहना है कि उनके परिवार में कोई भी व्यक्ति इतना कमजोर नहीं है और न ही उनकी बेटी कमजोर थी। वह बहुत मजबूत थी और किसी भी कीमत पर वह आत्महत्या नहीं कर सकती, उसकी हत्या की गई है।

लखनऊ में रहते हैं पिता

अपर निदेशक अभियोजन के पद से सेवानिवृत्त अशोक कुमार राय शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे पत्नी के साथ बदायूं आए। वर्तमान में वह लखनऊ में रहते हैं। जैसे ही उन्हें जज बेटी के फंदे से लटके मिलने की सूचना मिली कि तो वह पत्नी के साथ खुद कार चलाकर लखनऊ से आ गए। कार में उनकी पत्नी बेहाल बैठी थीं। बिलखने पर अशोक कुमार उन्हें सांत्वना देते आए।

जैसे ही उन्होंने अपनी कार को जजों के आवासीय परिसर में रोका, सबसे पहले एसएसपी के बारे में पूछा। उन्हें देखकर एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव उनके पास गए और घटना के बार में बताया। इसके बाद अशोक कुमार उन्हें लेकर ऊपर आवास में चले गए। वहां मौजूद अन्य लोग उनकी पत्नी को ऊपर लेकर गए। दोनों ने वह कमरा देखा, जहां ज्योत्सना का शव लटका मिला था।

बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती

अशोक कुमार ने कहा कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती, उसकी हत्या हुई है। देर रात उन्होंने शहर कोतवाली में तहरीर दी। जिसमें आरोप लगाया कि अज्ञात व्यक्ति ने बेटी की हत्या की। इसके बाद शव को फंदे से लटका दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि जज ज्योत्सना राय अपने आवास का अंदर से दरवाजा नहीं खोल रहीं हैं और न ही वह न्यायालय पहुंचीं हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने धक्का देकर दरवाजा खोला था। बेडरूम के बराबर वाले कमरे में उनका शव पंखे पर फंदे से लटका हुआ था। उनके कमरे से कुछ अभिलेख मिले हैं। उनके पिता ने हत्या करके शव लटकाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है, जिस पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

Next Story