चन्दौली

सपा MLA ने सीओ का सिर पकड़कर अपने सिर से लड़ाया, विधायक समेत 100 पर केस

सपा MLA ने सीओ का सिर पकड़कर अपने सिर से लड़ाया, विधायक समेत 100 पर केस
x

यूपी के चंदौली जिले में सपा विधायक समेत 100 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दरअसल चाहनियां में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने जा रहे सपा कार्यकर्ता को पुलिस ने रोका तो दोनों में झड़प हो गई थी। इस दौरान सकलडीहा से सपा विधायक ने सीओ का सिर पकड़कर अपने सिर से लड़ा दिया था। इसके बाद पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस के लाठीचार्ज करते ही भगदड़ मच गई। सीओ से विधायक का सिर लड़ाने का वीडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया है। एसपी ने कहा कि सीओ से बदसलूकी हुई है। इस मामले में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी चल रही है।

रामगढ़ स्थित कीनाराम मठ पर आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में रविवार को सपाई ज्ञापन देने जा रहे थे। इसमें पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, जिलाध्यक्ष सहित दर्जनों सपा नेता शामिल थे। सपाइयों का काफिला जैसे ही चहनियां के समीप लक्ष्मणगढ़ पहुंचा, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान सकलडीहा सीओ अनिरुद्ध सिंह पुलिस फोर्स के साथ सपा कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की। इसी दौरान सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने सीओ अनिरुद्ध सिंह का सिर पकड़कर अपने सिर से लड़ा दिया। सीओ के साथ बदसलूकी होने के बाद पुलिस ने सपाइयों पर लाठीचार्ज कर दिया। सूचना मिलने के बाद पीएसी भी मौके पर पहुंच गई। वहीं पू्र्व स़ांसद रामकिशुन यादव ने जिला प्रशासन पर तानाशाही करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिले की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराना किसी प्रकार से अनुचित नहीं है।

बतादें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को चंदौली जिले में सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में 30 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम आश्रम के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण का काम भी शामिल है। इस दौरान उन्होंने रामगढ़ इंटर कॉलेज के पास जनसभा को संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों ने चंदौली जिले का नाम देश-दुनिया में रोशन किया है। तीन साल पहले जिले में काला चावल पैदा नहीं होता था। लेकिन आज 2400 किसान 2100 हेक्टेयर भूमि पर ब्लैक राइस (काला चावल) की खेती कर रहे हैं।

दो महीने पहले बाबा कीनाराम के नाम से स्थापित मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया था। आज बाबा के धाम के सुंदरीकरण के कार्य योजना का शुभारंभ हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक जीवन में संतों और ऋषि-मुनियों का बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से चंदौली और पूर्वांचल सहित बिहार के लोगों के लिए उत्तम शिक्षा और चिकित्सा का केंद्र बनेगा।

विपक्षी पार्टियों पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि अगर सकलडीहा से भाजपा का विधायक चुनाव हुआ होता तो बाबा की धरती को विकास के लिए इतना समय नहीं लगता। साथ ही कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। सपा और बसपा पर निशाना साधते कहा कि जब उन्हें सत्ता मिली तो वो जातिवाद, परिवारवाद और वंशवाद से ऊपर उठकर काम नहीं कर पाए। उनकी सरकार में लूट, माफियागिरी और विकास के पैसों को लूटकर भ्रष्टाचार फैलाते थे। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार में वही पैसा लोगों के विकास के काम में लगाया जा रहा है।


सुजीत गुप्ता

सुजीत गुप्ता

    Next Story