इटावा

सरकारी स्कूल में दो शिक्षिकाओं के बीच चले चाकू, प्रधानाध्यापिका घायल पुलिस मामले की जांच में जुटी..

Desk Editor
13 Oct 2022 11:02 AM GMT
सरकारी स्कूल में दो शिक्षिकाओं के बीच चले चाकू, प्रधानाध्यापिका घायल पुलिस मामले की जांच में जुटी..
x

इटावा में शिक्षा ग्रहण करने के लिए आने वाले छात्र छात्राओं को आपसी मेल मिलाप के साथ रहते हुए अहिंसा का पाठ पढ़ाने वाली शिक्षिकाओं ने प्राथमिक विद्यालय को जंग का अखाडा बना दिया। प्रधानाध्यापिका एवं सहायक अध्यापिका के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान हाथ में चाकू लगने से प्रधानाध्यापिका घायल हो गई। लहू-लुहान हालत में प्रधानाध्यापिका को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। सूचना पर दौड़ी पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। जनपद इटावा के बसगवां स्थित प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापिका अंजू यादव एवं सहायक अध्यापिका साधना पाठक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

शुरुआती गाली गलौज के बाद दोनों के मध्य देखते ही देखते मारपीट होने लगी। इस दौरान प्रधानाध्यापिका अंजू यादव के हाथ में चाकू लग गया। जिससे वह घायल हो गई। प्राथमिक विद्यालय को 2 महिला शिक्षकों के बीच जंग का अखाड़ा बने देखकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया। ग्रामीण लहू-लुहान प्रधानाध्यापिका को बसरेहर स्थित अस्पताल में ले गए और घटना के संबंध में पुलिस को जानकारी दी। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की।

फिलहाल प्रधानाध्यापिका अंजू यादव की ओर सहायक अध्यापक साधना पाठक के पास लिखित में तहरीर दी गई है। प्रधानाध्यापिका ने आरोप लगाया है कि सहायक अध्यापक स्कूल के बच्चों से काम कराती है। इस मामले की शिकायत लेकर बच्चों के परिजन स्कूल में पहुंचे थे। बच्चों के परिजन जिस समय सहायक अध्यापक की शिकायत कर रहे थे तो वह आवेश में आ गई और उनसे झगड़ा करने लगी। इस दौरान सेव काटने के लिए रखें गये चाकू को उठाकर साधना ने उनके ऊपर हमला कर दिया, जिससे उनका हाथ कट गया। इसके बाद वह स्कूटी लेकर मौके से भाग गई।

Next Story