अयोध्या

"धर्मनगरी अयोध्या में 6 वर्षीय मासूम बालिका से दुष्कर्म"

Satyapal Singh Kaushik
17 March 2022 9:15 AM IST
धर्मनगरी अयोध्या में 6 वर्षीय मासूम बालिका से दुष्कर्म
x
कोतवाली थाना क्षेत्र की बैरागपुरा मोहल्ले की रहने वाली है बालिका।

कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला बैराग पुरा में बुधवार की रात में एक छह वर्षीय मासूम से दुष्कर्म किया गया। उसकी चीख-पुकार सुन मौके पर पहुंचे लोगों को वो खून से लथपथ मिली।इससे हड़कंप मच गया। लोगों के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से भाग निकला। लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया किंतु वह हाथ नहीं आया। बालिका को श्रीराम चिकित्सालय से गंभीर हालत में महिला अस्पताल और फिर वहां से केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे घटना के आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है। रामनगरी में मासूम के साथ हैवानियत की खबर जिले में आग की तरह फैल गई।

*सांसद,विधायक ने अस्पताल जाकर जाना पीड़िता का हाल*

महिला अस्पताल में सांसद लल्लू सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता सहित सपा नेता पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय एडवोकेट श्वेताराज सिंह समेत बड़ी संख्या में लोगों का जमावड़ा हो गया है। लोगों में घटना को लेकर खासी नाराजगी है।

सांसद लल्लू सिंह ने जिले के उच्च अधिकारियों से वार्ता कर अविलंब कार्रवाई करने की मांग की है। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि जो भी इस मामले में दोषी हैं उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सपा नेता तेज नारायण पांडेय ने कहा कि बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इस घटना की जांच होनी चाहिए साथ ही साथ जो दोषी हो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

विहिप ने भी घटना की निंदा की है। विहिप के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि इस प्रकार एक मासूम के साथ की गई दरिंदगी से संपूर्ण मानवता तार-तार हो उठी है।

Satyapal Singh Kaushik

Satyapal Singh Kaushik

न्यूज लेखन, कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट और आर्टिकल लेखन में लंबा अनुभव है। दैनिक जागरण, अवधनामा, तरुणमित्र जैसे देश के कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में लेख प्रकाशित होते रहते हैं। वर्तमान में Special Coverage News में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story