अयोध्या

प्रयागराज से मनकापुर जाने वाली सरयू एक्सप्रेस में महिला आरक्षी खून से लथपथ मिली

Shiv Kumar Mishra
31 Aug 2023 8:30 AM GMT
प्रयागराज से मनकापुर जाने वाली सरयू एक्सप्रेस में महिला आरक्षी खून से लथपथ मिली
x
सरयू एक्सप्रेस में एक महिला मुख्य आरक्षी घायलावस्था में मिली। जीआरपी अयोध्या कें द्वारा उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उसे लखनऊ रिफर कर दिया गया।

यूपी के अयोध्या में प्रयागराज से मनकापुर जाने वाली सरयू एक्सप्रेस में महिला आरक्षी खून से लथपथ मिली है। महिला की पैंट गायब थी। रेप करने की आशंका जताई जा रही है। विरोध पर चेहरे को बुरी तरह काट दिया गया। गम्भीर हालत में GRP ने श्री राम चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गम्भीर देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

क्या है मामला

आरक्षी ही पहचान 45 वर्षीय सुमित्रा पटेल के रूप में हुई है। वह सुलतानपुर जिले में तैनात हैं और सावन मेला ड्यूटी के लिए अयोध्या आ रही थीं। अयोध्या जंक्शन पर लगे सीसीटीवी कैमरे की पड़ताल में आरक्षी का आवागमन स्टेशन पर नहीं मिला है। ऐसे में आशंका व्यक्त की जा रही है कि उसके साथ अमानवीय कृत्य मनकापुर स्टेशन पर हुआ है। एसपी जीआरपी पूजा यादव ने भी यहां पहुंचकर पड़ताल की। उन्होंने बताया कि जांच पूरी हुए बिना कुछ नहीं कहा जा सकता है।

घायल आरक्षी का उपचार चल रहा है। महिला पुलिस कर्मी अभी बेहोश है। सरयू एक्सप्रेस प्रयागराज से सुलतानपुर, अयोध्या होते हुए मनकापुर तक जाती है। आरक्षी के कपड़े अस्तव्यस्त थे। सिर पर किसी बड़े धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं। गाल व आंख पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया है।

सुल्तानपुर से अयोध्या ड्यूटी करने आयी महिला सिपाही सरयू एक्सप्रेस ट्रेन में घायल मिली है। घटना के 12 घंटे बाद में पुलिस के हाथ खाली है। गम्भीरावस्था में सिपाही को लखनऊ में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसके बयान का इंतजार कर रही है। जिसके बाद पुलिस की जांच आगे बढ़ सके। महिला सिपाही से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस के लिए यह घटना चुनौती बनी हुई है।

एसपी रेलवे ने बताया

एसपी रेलवे पूजा यादव ने बताया कि सुबह जानकारी मिली कि सरयू एक्सप्रेस में एक महिला मुख्य आरक्षी घायलावस्था में मिली। जीआरपी अयोध्या कें द्वारा उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उसे लखनऊ रिफर कर दिया गया। मुकदमा पंजीकृत करके विधिक कार्रवाई की जा रही है। अभी वह घायल है। जब बात करने लायक होंगी तो पता चलेगा कि उनके साथ क्या हुआ था। अभी घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है। महिला सिपाही सुल्तानपुर में पोस्टेड है उनकी ड्यूटी अयोध्या में लगी थी। सम्भवतः नींद आने की वजह से वह मनकापुर पहुंच गयी। वापसी में अयोध्या आ रही थी। वहीं एसओ जीआरपी ने बताया कि मामले में धारा 332, 353, 307 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

Next Story