अयोध्या

लखनऊ से प्रेसीडेंसियल ट्रेन से आज अयोध्या जायेंगे राष्ट्रपति, रामायण कान्क्लेव का करेंगे शुभारंभ

सुजीत गुप्ता
29 Aug 2021 5:26 AM GMT
लखनऊ से प्रेसीडेंसियल ट्रेन से आज अयोध्या जायेंगे राष्ट्रपति, रामायण कान्क्लेव का करेंगे शुभारंभ
x

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को लेकर प्रेसिडेंशियल ट्रेन रविवार सुबह लगभग 11:40 बजे अयोध्या स्टेशन पर पहुंचेगी। शनिवार को उनके स्वागत व सुरक्षा को लेकर सभी इंतजामों को अंतिम रूप दिया गया। अयोध्या धाम को सील करते हुए चप्पे-चप्पे पर निगहबानी बढ़ा दी गई है। उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग की स्वायत्तशासी संस्था अयोध्या शोध संस्थान की ओर से 'जननायक राम' का संदेश प्रसारित कर युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरित करने की भावना को लेकर प्रदेश के 16 जनपदों में रामायण कान्क्लेव के आयोजन का प्रस्ताव किया गया है।

इस कान्क्लेव का शुभारम्भ अयोध्या में रविवार को दोपहर 12 बजे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे। अयोध्या में राष्ट्रपति कोविंद के प्रथम आगमन पर राज्य सरकार की ओर से व्यापक सुरक्षा प्रबंध के साथ भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं।

राष्ट्रपति की अगवानी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा रेलवे बोर्ड के अधिकारी करेंगे। यहां से राष्ट्रपति को सीधे रामकथा पार्क के कार्यक्रम स्थल पर ले जाया जाएगा। रामायण कान्क्लेव के उदघाटन समारोह में राष्ट्रपति का स्वागत उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा. दिनेश शर्मा के अतिरिक्त पर्यटन व संस्कृति राज्यमंत्री डा. नीलकंठ तिवारी करेंगे। इस मौके पर राष्ट्रपति कोविंद संस्कृति विभाग के तुलसी स्मारक भवन के आधुनिकीकरण का लोकार्पण करेंगे।

राष्ट्रपति कोविंद रामकथा पार्क में रामायण कान्क्लेव का अनावरण करने के उपरांत उसी से सटे उत्तर प्रदेश पर्यटन निगम की ओर से संचालित सरयू होटल में ही कुछ समय विश्राम करेंगे और यहीं मध्याह्न भोजन भी करेंगे।



Next Story