फतेहपुर

300 से अधिक सीटों पर पुनः जीतेगी भाजपा : उपमुख्यमंत्री

सुजीत गुप्ता
10 Sep 2021 5:39 AM GMT
300 से अधिक सीटों पर पुनः जीतेगी भाजपा : उपमुख्यमंत्री
x
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मंच से प्रशासनिक अफसरों को बात सुनने और उस पर अमल करने का भी दो टूक संदेश दिया

विवेक मिश्र

फतेहपुर । सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा बने लोगों पर रणनीति साफ करते हुए कहा़ कि तालिबान समर्थकों पर मुकदमे दर्ज़ किए जा रहे हैं। ऐसे समर्थकों पर सरकार की ख़ास नजर है। उन्होंने कोरोना काल का जिक्र कर विपक्षी दलों पर हमला बोला। कहा, तब यह नहीं दिख रहे थे।

कलेक्ट्रेट के गांधी मैदान में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने गुरुवार को 76 करोड़ की 100 परियोजनाओं का लोकार्पण और 213 करोड़ की 65 परियोजनाओं के शिलान्यास के बाद यह बातें कहीं। उन्होंने परियोजनाओं की सौगात देते हुए इसे वोट रूपी कर्ज के ब्याज का यह कुछ हिस्सा करार दिया। दावा किया कि अभी बहुत काम किया जाना है। भाजपा का सपना सुशासन लाना है। प्रदेश से गुंडाराज खत्म हो चुका है।


पहले की सरकार में गुंडे राज करते थे। सड़के नहीं बनती थीं। हां गलत लोगों के महल जरूर बन जाते थे। उन्होंने दावे से कहा कि सपा बसपा और कांग्रेस की तिकड़ी मिलकर प्रदेश में बार-बार चुनाव करा रही थी। जनता ने इन विपक्षी दलों को चुनाव के दौरान जो नतीजे दिए हैं। उससे अब यह खेल खत्म हो चुका है।

दावा किया कि वर्ष 2022 के चुनाव में भाजपा 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी। तालिबान के मुद्दे पर सीएम के नायब ने साफ तौर पर सरकार की रणनीति साफ कर दी। कहा कि तालिबान का समर्थन कर उनकी बात करने वाले कार्रवाई की जद पर लाए जा रहे हैं। उन पर मुकदमे लिखे जा रहे हैं। आंतरिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी सूरत पर बख्से नहीं जाएंगे।

इस दौरान डिप्टी सीएम ने केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, योगी सरकार में राज्य मंत्री रणवेंद्र प्रताप उर्फ़ धुन्नी सिंह व जय कुमार जैकी, ज़िला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप उर्फ़ पप्पू सिंह, विधायक कृष्णा पासवान, विक्रम सिंह, करन सिंह पटेल, विकास गुप्ता एवं पूर्व मंत्री बाबू राधेश्याम गुप्ता के साथ सभी 65 परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास शिलापट्टो को खोलकर किया।


कार्यक्रम में पूर्व मंत्री जनसेवक अमरजीत सिंह व राजेन्द्र पटेल, भाजपा के ज़िला अध्यक्ष आशीष मिश्रा, पूर्व ज़िला अध्यक्ष दिनेश बाजपेई व प्रमोद द्विवेदी, नीरज सिंह, पुष्पराज पटेल, चन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव, अन्नू श्रीवास्तव, धनंजय द्विवेदी, भानु प्रताप सिंह गौतम, युवा मोर्चा महासचिव प्रसून तिवारी आदि तमाम नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

किसान आंदोलन नहीं, चल रहा चुनाव आंदोलन

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने किसान आंदोलन पर निशाना साधा। कहा कि दरअसल यह किसान आंदोलन ना होकर चुनाव आंदोलन है। किसान पंचायत के बजाय चुनाव पंचायत हो रही है। यह खेल सपा बसपा और कांग्रेस के लोग मिलकर खेल रहे हैं। भाजपा ने हमेशा किसान का भला चाहा है। डेढ़ लाख करोड़ रुपया किसान सम्मान निधि के तौर पर अब तक दिया जा चुका है।

अब पहुंच रहा नल के जरिए जल

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बात की । उन्होंने कहा कि 56 इंच के सीने वाले ने देश की जनता को कई तरह की सौगातें दी। नल के माध्यम से घर घर जल पहुंचाने का काम किया जा रहा है। रसोई की समस्या से निजात दिलाने के लिए उज्जवला योजना लागू कर रखी है।

पता चल गया रोजा इफ्तार से काम नहीं चलने वाला

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश सिंह यादव पर जबरदस्त हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 के कुंभ में अखिलेश, प्रयागराज डुबकी मारने नहीं पहुंचे। उन्हें लग रहा था कि केवल रोजा इफ्तार से काम चल जाएगा। जब बात समझ में आई तो 2019 के कुंभ मेला में प्रयागराज पहुंचकर डुबकी लगाई। ऐसा ही करने हरिद्वार भी पहुंचे। जाति धर्म की राजनीति पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले की सरकारें भेदभाव करती थी। हिंदू और मुस्लिम के त्यौहार भेदभाव का शिकार थे। अब ऐसा नहीं है।

कल्याण सिंह के नाम होगा पुराना जीटी रोड

डिप्टी सीएम ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह के नाम से फोरलेन की पुरानी जीटी रोड का नाम रखे जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बाबू जी ने राम भक्तों पर गोली चलवाने के बजाए अपनी कुर्सी निछावर कर दी थी।

मेरा कार्यकर्ता ही उपमुख्यमंत्री

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मंच से प्रशासनिक अफसरों को बात सुनने और उस पर अमल करने का भी दो टूक संदेश दिया। खुद को कार्यकर्ता करार देते हुए कहा कि जिस तरह से वह पार्टी के कार्यकर्ता हैं। वैसे ही संगठन के दूसरे कार्यकर्ता हैं। मेरा कार्यकर्ता भी मेरी ही तरह उपमुख्यमंत्री है। इस बात का ध्यान रखा जाए कि समस्या भाजपा का कार्यकर्ता लेकर नहीं आया बल्कि केशव प्रसाद मौर्य लेकर आए हैं।

अपनी साइट पर पहुंच जाएं महीने भर के अंदर पत्थर

2 अरब 89 लाख की कुल परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने आए डिप्टी सीएम ने निर्माण कार्य कराने वाली कार्यदाई संस्थाओं को होशियार किया। हिदायत दी कि यहां पर जितने भी पत्थर मौजूद हैं। संबंधित क्षेत्र के माननीय से समय लेकर उन्हें यथा स्थान पर लगवा दिया जाए। यह काम महीने भर के अंदर हो जाना चाहिए।

Next Story