फिरोजाबाद

फिरोजाबाद का नाम बदलने का जिला पंचायत से प्रस्ताव हुआ पास

फिरोजाबाद का नाम बदलने का जिला पंचायत से प्रस्ताव हुआ पास
x

फिरोज़ाबाद जिले का नाम चंद्रनगर करने का प्रस्ताव जिला पंचायत ने पास कर दिया है। जिला पंचायत कार्यालय सभागार में बोर्ड की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2021-22 की कार्ययोजना बनाने हेतु विचार विमर्श किया।

बोर्ड के समक्ष ब्लाक प्रमुख लक्ष्मी नरायन यादव द्वारा प्रस्ताव रखा कि पूर्व में जनपद फिरेाजाबाद का नाम चंद्रनगर था, जिसे बाद में फिरोजाबाद कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद का पुनः नाम चंद्रनगर करने का प्रस्ताव इस सदन में पास होकर शासन को विचार हेतु भेजा जाए। इस पर समस्त सदन द्वारा ध्वनिमत से इस प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया जो अब शासन को भेजा जाएगा।

भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कन्हैया लाल गुप्ता ने कहा कि जनपद का नाम फिरोजाबाद से बदलकर पुनः चंद्र नगर करने की मांग संघ परिवार लंबे समय से करता आया है। उन्होंने कहा कि ब्लाक प्रमुख फिरोजाबाद डॉ.लक्ष्मी नारायण यादव द्वारा जनपद का नाम पुनः चंद्रनगर करने के प्रस्ताव को जिला पंचायत अध्यक्ष एवं बोर्ड द्वारा ध्वनिमत से पारित कर शासन को भेजने का निर्णय स्वागत योग्य है। इस कार्य के लिए ब्लाक प्रमुख फिरोजाबाद एवं जिला पंचायत अध्यक्ष बधाई के पात्र हैं।

फिरोजाबाद का नाम चंद्रनगर रखे जाने को लेकर शहर के इतिहासकार अनूप चंद जैन बताते हैं कि इसका नाम प्राचीन नाम चंदवाड़ था. सन् 1566 में मुगल बादशाह अकबर के मनसबदार फिरोज शाह के यहां आने के बाद नाम फिरोजाबाद पड़ा. उन्होंने बताया कि राजा टोडरमल इस शहर से तीर्थयात्रा को गए थे, तब शहर को लूट लिया गया था. उनके अनुरोध पर शहंशाह अकबर ने अपने कारिंदे फिरोज शाह को यहां भेजा, जिसके नाम पर बाद में इस शहर को जाना जाने लगा. यहां नगर निगम के सामने फिरोज शाह का मकबरा भी है.



Next Story