उत्तर प्रदेश

बुर्का और हिजाब पहने हुई विदेशी महिला ने कैब ड्राइवर को मारा चाकू, पुलिस की जांच जारी

Sakshi
15 Feb 2022 11:09 AM GMT
बुर्का और हिजाब पहने हुई विदेशी महिला ने कैब ड्राइवर को मारा चाकू, पुलिस की जांच जारी
x
दिल्ली से सटे गुरुग्राम (Gurugram) में बुर्का और हिजाब पहने हुई एक विदेशी महिला ने कथित तौर पर एक कैब ड्राइवर को चाकू मार दिया। घायल कैब ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है...

Gurugram Crime News : गुरुग्राम से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है| बता दें कि देशभर में हिजाब को लेकर जारी विवाद के बीच मंगलवार को दिल्ली से सटे गुरुग्राम (Gurugram) में बुर्का और हिजाब पहने हुई एक विदेशी महिला ने कथित तौर पर एक कैब ड्राइवर को चाकू मार दिया। घायल कैब ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। महिला मिस्र की नागरिक बताई जा रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली से सटे गुरुग्राम के राजीव चौक पर मंगलवार सुबह 11 बजे के आसपास कथित तौर पर बुर्का और हिजाब पहने हुई एक विदेशी महिला ने चौक पर खड़े कैब ड्राइवर को चाकू मारकर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद महिला वहां से भागने लगी। घायल कैब चालक ने उसका पीछा किया। वहीं, जब चौक के पास तैनात पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी मिली तो वह भी मौके पर पहुंच गए और महिला को काबू कर लिया। जिसके बाद महिला ने पुलिसकर्मियों से भी हाथापाई की। पुलिस ने महिला को थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है। फिलहाल हमले की वजह अभी पता नहीं चल सकी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के निवासी रघुराज ने पुलिस को बताया कि वह किराये पर कैब चलाते हैं और सवारियों को गुरुग्राम से दिल्ली के आनंद विहार तक लाते- ले जाते हैं। मंगलवार सुबह राजीव चौक पर वह सवारियों के इंतजार में खड़े थे। इसी दौरान हिजाब पहने एक महिला उनके पास आई और गाड़ी का शीशा खुलवाया। आरोप है कि शीशा खोलते ही महिला ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। उसके बाद वह महिला सिविल लाइन की तरफ भागने लगी। कैब चालक ने उसका पीछा किया और उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

Next Story