
गाजियाबाद में बसपा पार्षद की चीफ इंजीनयर की केबिन में पिटाई

यूपी में एक ठेकेदार और उसके गुर्गों ने मिलकर एक बीएसपी पार्षद की जमकर पिटाई कर दी। ठेकेदार और उसके गुर्गों ने गाजियाबाद के वार्ड नंबर-44 से बीएसपी पार्षद दिलशाद मलिक पर चीफ इंजीनियर के दफ्तर में हमला बोल दिया। मिली जानकारी के मुताबिक बीएसपी पार्षद की लोहे के रॉड से पिटाई की गई। इस पिटाई से उन्हें गंभीर चोटें आई हैं और गंभीर हालत में उन्हें एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। घटना शुक्रवार की है। घटना के वक्त चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन अपने केबिन में मौजूद नहीं थे।
यह पूरा मामला सड़क निर्माण को लेकर उपजे तनाव से जुड़ा हुआ है। बतलाया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले सड़क निर्माण करा रहे ठेकेदार अजय त्यागी और उसके साथी दशमेश वाटिका में सड़क निर्माण करने पहुंचे थे। लेकिन यहां गांव वालों ने त्यागी को निर्माण कार्य करने से रोक दिया। बीएसपी पार्षद दशमेश मलिक भी उस वक्त गांव वालों के साथ मौजूद थे। शुक्रवार (29 जून) की सुबह भी मलिक पर हमले से पहले ठेकेदार से उनकी बहस हुई थी।




