Archived

गाजियाबाद में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, सिपाही को लगी गोली

Ekta singh
3 Dec 2017 5:54 PM IST
गाजियाबाद में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, सिपाही को लगी गोली
x
इस हमले में यूपी पुलिस के एक जवान को गोली लगी है. इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बचाव में पुलिसकर्मियों ने हवाई फायरिंग की

नई दिल्ली: गाजियाबाद में रविवार को आरएसएस कार्यकर्ता रवींद्र गुसाईं की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार करने एनआईए और स्थानीय पुलिस की टीम पर आरोपी के साथियों ने हमला कर दिया. इस हमले में यूपी पुलिस के एक जवान को गोली लगी है. इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बचाव में पुलिसकर्मियों ने हवाई फायरिंग की. उपद्रवियों के हमले में एक सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचा है.

बता दें,17 अक्टूबर को लुधियाना में
आरएसएस कार्यकर्ता रवींद्र गोसाईं
की बाइक सवार दो हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनकी हत्या की जांच की जिम्मेदारी एनआईए को सौंपी थी. इसके बाद एजेंसी ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के तहत एक एफआईआर दर्ज की.
एनआईए को गाजियाबाद के थाना भोजपुर में स्थित गांव नहाली में एक बदमाश के होने की खुफिया जानकारी मिली थी. जानकारी के आधार पर एनआईए
गाजियाबाद पुलिस
के साथ रविवार को तड़के बदमाश को उठाने के लिए गांव में दबिश देने गई थी.
लेकिन इस दौरान बड़ी संख्या इकट्ठा हुए गांव के पुरुषों और महिलाओं ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. मौके का फायदा उठाकर ग्रामीणों के बीच से कुछ लोगों ने पुलिस पर फायरिंग भी की.
इसके बाद ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया. ग्रामीणों ने पुलिस के काम को बाधित करने के उद्देश्य से कई जगहों पर रोड भी जाम कर दिया. वहीं हमले के दौरान आरोपी मलूक मौके से फरार हो गया. जिसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है.
इस हमले में पुलिस टीम की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई हैं. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया है. फिलहाल, पुलिस ने उसके नाम का खुलासा नहीं किया है.
बता दें, कि आरएसएस नेता के हत्या में शामिल 2 अन्य संदिग्ध बदमाशों को एनआईए की टीम पहले ही हिरासत में ले चुकी हैं. इसके बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. इलाके में स्थिति जरूर तनावपूर्ण बना हुआ है.


Next Story