
Archived
गाजियाबाद : इंदिरापुरम पुलिस की बड़ी कामयाबी, चोरी कर भागी घरेलू सहायिका गिरफ्तार, 22.80 लाख बरामद
Arun Mishra
24 April 2018 7:34 PM IST

x
आरोपी महिला के पास से 22.80 लाख रुपये और चोरी किए गए दो लाख के गहने बरामद किए गए हैं।
गाजियाबबाद : गाजियाबाद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वैभव खंड स्थित कृष्णा अपरा सैफायर सोसायटी निवासी सीए के फ्लैट से चोरी करने वाली घरेलू सहायिका को इंदिरापुरम थाने के शिप्रा चौकी इंचार्ज अनिल कुमार ने प्रताप विहार स्थित उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला के पास से 22.80 लाख रुपये और चोरी किए गए दो लाख के गहने बरामद किए गए हैं। सीए के अनुसार बीते करीब पांच माह से लगातार उनके घर से थोड़ी-थोड़ी रकम चोरी हो रही थी। उन्होंने सीसीटीवी कैमरा लगाया तो आरोपी उसमें कैद हो गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना का खुलासा करते हुए सीओ इंदिरापुरम धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि कृष्णा अपरा सैफायर निवासी अभिषेक माथुर सीए हैं। उनके घर में अक्सर कैश आता रहता है। सोमवार को उन्होंने शिकायत दी थी कि उनके घर से बीते पांच माह से लगातार दस से पचास हजार तक कैश कई बार में चोरी हुआ है। उन्होंने जब इसकी जांच के लिए घर में सीसीटीवी लगवाया तो पता चला कि घरेलू सहायिका रुपये निकालकर ले जाती है।
एसएचओ इंदिरापुरम सचिन मलिक ने बताया कि पीड़िता को यह आभास हो गया था कि वह सीसीटीवी में कैद हो गई है और पुलिस उसे पकड़ लेगी। यही कारण था कि वह सोमवार को भागने वाली थी। पुलिस के अनुसार सोमवार को उसने अपने बैंक से आठ लाख रुपये निकाले थे। वह अपने भाई को दिए दो लाख रुपये भी मांग रही थी। इससे पहले घरेलू सहायिका फरार हो पाती पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित सीए अभिषेक के अनुसार उनके पास अक्सर कई कंपनियों का कैश आता था। जब वह कैश वापस जाता था तो उसमें से कभी 20 तो कभी 50 हजार कम होते थे। शुरुआत में उन्हें लगा कि गिनने में गलती है। जब लगातार रुपये कम होने लगे तो कुछ दिन पहले उन्होंने सीसीटीवी कैमरा लगवा दिया। बीते शुक्रवार और शनिवार की सुबह करीब पौने दस बजे सुमन बेडरूम की अलमारी से रुपये निकालती हुई सीसीटीवी में कैद हो गई। इसके बाद अभिषेक ने पुलिस से शिकायत की।
Next Story




