Archived

लोग मर रहे थे, लेकिन वो तो लूटने में मस्त थे और देखते देखते लोग लाश बन गये

लोग मर रहे थे, लेकिन वो तो लूटने में मस्त थे और देखते देखते लोग लाश बन गये
x

देश की राजधानी दिल्ली से सटे यूपी के जनपद गाजियाबाद में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. दुर्घटनावश बारातियों को ले जा रही कार नाले में जा गिरी, लेकिन लोगों ने मर रहे लोगों को बचाने की बजाय महिलाओं के शरीर से गहने और दूल्हे के पिता के पास रखी नगदी लूट ली. अगर लोग तमाशबीन न बनते तो कुछ जानें बचाई जा सकती थी. हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में दूल्हे के पिता दुर्गा प्रसाद रस्तोगी, दूल्हे के ताऊ इंद्र प्रकाश रस्तोगी और उनके बड़े बेटे का पूरा परिवार ही खत्म हो गया. दूल्हे के दो भांजे भी काल के गाल में समा गए.

घटना शुक्रवार को देर शाम 8 बजे के करीब की है. गाजियाबाद के अकबरपुर बेहरामपुर से 21 साल के रवि रस्तोगी की बारात बड़े ही धूमधाम से नोएडा के खोड़ा के लिए निकली थी. दुर्घटनाग्रस्त टाटा सूमो कार में दूल्हे के पिता सहित 12 रिश्तेदार सवार थे. घर से निकलकर नेशनल हाइवे पर ये कार चढ़ने ही वाली थी कि जाम की वजह से ड्राइवर ने कार बैक कर ली और फोन पर बात करने लगा. धीरे-धीरे कार सरकती हुई सड़क किनारे बने 20 फीट गहरे नाले में जा गिरी.
सूमो के पीछे आ रहे बाराती जतिन रस्तोगी भी नाले में कूद पड़े और शीशा तोड़कर एक महिला को खींचने की कोशिश की, लेकिन वह उसे निकाल नहीं सके. दीपक ने ही खुलासा किया कि लोगो की आंखों के सामने कार नाले में गिरी, लेकिन सभी तमाशबीन बने रहे. कोई बचाने नहीं आया. उनके रिश्ते के भाई विपिन सबसे पहले नाले में कूदे और कुछ लोगों को नाले से बाहर निकालने में सफल रहे. आरोप है इसी दौरान किसी ने महिलाओं के शरीर से गहने उतार लिए. बिपिन ने कहा कि कार में बैठे दूल्हे के पिता के पास 2.5 लाख रुपए, दुल्हन के लिए बनवाए गए 3.30 लाख रुपये के गहने भी गायब हैं.
क्षेत्राधिकारी प्रथम मनीषा सिंह का कहना है पंचनामा भरते वक़्त कोई सामान नहीं मिला. अगर परिजनों ने शिकायत की है तो इस एंगल से भी जांच की जाएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है कि किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई. सभी की मौत नाले में डूबने से हुई. पुलिस ने बताया कि गहरे नाले में गिरने के बाद सूमो के दरवाजे नाले की दीवार में फंस रहे थे. कार के दरवाजे न खुल पाने के कारण लोग कार से नहीं निकल पाए और उनकी मौत हो गई.
दीपक ने आरोप लगाया है कि सुमो कार पहले से ही खराब थी और धक्का देने पर स्टार्ट हुई थी. यह भी आरोप है कि कार के ड्राइवर रिफाकत ने मोबाइल पर बात करते हुए लापरवाही बरती, जिससे कार नाले में जा गिरी. कार बैक होकर अनियंत्रित हुई तो ड्राइवर कार से कूदकर फरार हो गया. दीपक की तहरीर पर रिफाकत अली के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है.

Next Story