Archived

कोर्ट में पेशी के दौरान हत्यारोपी सिपाही को धक्का दे हुआ फरार, एसएसपी ने सिपाही को किया सस्पेंड

कोर्ट में पेशी के दौरान हत्यारोपी सिपाही को धक्का दे हुआ फरार, एसएसपी ने सिपाही को किया सस्पेंड
x

गाजियाबाद। डासना जेल से गाजियाबाद कोर्ट में पेशी पर आए हत्यारोपी अभिरक्षा से सिपाही को धक्का देकर कचहरी गेट से बाइक सवार के साथ फरार हो गया। एसएसपी वैभव कृष्ण ने सिपाही सतीश कुमार को सस्पेंड कर दिया,उसके खिलाफ कविनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। हत्यारोपी का दोस्त पहले से बाइक स्टार्ट कर इंतजार कर रहा था। बंदी के भागने पर सिपाही ने शोर मचाया, लेकिन आरडीसी में भीड़ के बीच वह भाग निकला।


बंदी के भागने की सूचना पर सीओ प्रथम मनीषा सिंह,कविनगर थाना प्रभारी प्रदीप त्रिपाठी आदि पुलिस कर्मियों ने कचहरी परिसर और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध की तलाश में चौराहों-तिराहों पर बाइक चेकिंग कराई। लेकिन पता नहीं चला। फरार बंदी का नाम जीतू उर्फ सनी यादव निवासी गांव शाहपुर-बम्हैटा है,बम्हैटा में वर्ष-2011 में महेश यादव उर्फ बिच्छू पहलवान हत्याकांड में आरोपी सनी यादव करीब 6 वर्ष से डासना जेल में बंद हैं।


बुधवार को डासना जेल से सनी के साथ हत्याकांड के दूसरे आरोपी मिन यादव को पुलिस अभिरक्षा में पेशी के लिए लाया गया। दोपहर करीब 12 बजे सिपाही सतीश कुमार अभिरक्षा में लेकर एडीजे प्रथम की कोर्ट में गवाही के लिए लेकर गया था। पेशी के बाद करीब 1 बजे कोर्ट मोहर्रिर ने सिपाही सतीश से दोबारा लंच बाद 3 बजे पेशी पर लाने को कहा। मिन को लेकर सिपाही हवालात चला गया। जबकि सतीश बंदी सनी के कहने पर वकील से मिलवाने आरडीसी गेट के बाहर लेकर चला गया। आरडीसी गेट से आगे बढ़ते ही वकील से बात करने के बहाने सनी ने सिपाही का मोबाइल फोन ले लिया। तभी बाइक सवार युवक सनी के पास रुका। सनी ने हाथ पकड़े सिपाही सतीश को धक्का देकर बाइक पर बैठकर फरार हो गया। सीओ प्रथम मनीषा सिंह ने बताया कि बंदी की तलाश जारी है,कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप त्रिपाठी टीम के साथ तलाश में जुटे है,सिपाही की लापरवाही सामने आई है।

Next Story