गाजीपुर

जब तक मुस्लिम और दलित कांग्रेस में थे, भाजपा के सिर्फ़ दो सांसद होते थे- शाहनवाज़ आलम

Shiv Kumar Mishra
14 Sep 2023 12:50 PM GMT
जब तक मुस्लिम और दलित कांग्रेस में थे, भाजपा के सिर्फ़ दो सांसद होते थे- शाहनवाज़ आलम
x
भाजपा संविधान बदलना चाहती है

ग़ाज़ीपुर, 14 सितंबर 2023। 2024 लोकसभा चुनाव का मुख्य मुद्दा संविधान को बचाना है। अगर कांग्रेस नेतृत्व में सरकार बनती है तो संविधान बचेगा। अगर भाजपा आ जाती है तो संविधान खत्म हो जाएगा। जिससे आरक्षण खत्म हो जाएगा और कमज़ोर तबके फिर से हज़ार साल पुरानी व्यवस्था वाली हालत में पहुँच जाएंगे। ये बातें अल्पसंख्यक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शाहनवाज़ आलम ने ग़ाज़ीपुर में आयोजित संविधान बचाओ संकल्प सभा में कहीं। सभा में मौजूद वीर अब्दुल हमीद की बेटी नजीबुन निशा को शाहनवाज़ आलम ने गुलदस्ता और शॉल देकर सम्मानित किया।

शाहनवाज़ आलम ने कहा कि पीएम के आर्थिक सलाहकार बिबेक देबरॉय ने 15 अगस्त को अखबार में लेख लिखकर कह दिया है कि संविधान को बदल देना चाहिए। मोदी सरकार के कई मंत्री भी कह चुके हैं कि संविधान बदल देना चाहिए। संविधान बचाना है तो मुस्लिम और दलित वर्ग को एक साथ आना होगा। जब ये दोनों तबके कांग्रेस को वोट करते थे तब तक पूरे देश में भाजपा के सिर्फ़ दो सांसद होते थे। जब से मुस्लिम और दलित कांग्रेस से दूर हुए भाजपा मजबूत होती गयी। उन्होंने कहा कि 2019 में भाजपा को सिर्फ़ 37 प्रतिशत वोट मिला था। जबकि यूपी में दलित और मुस्लिम अकेले 41 प्रतिशत हैं जो अन्य तबकों के साथ मिलकर राहुल गाँधी को प्रधानमन्त्री बनाएंगे।

राहुल गाँधी के साथ कन्याकुमारी से कश्मीर तक पद यात्रा कर चुके शाहनवाज़ आलम ने कहा कि पूरे देश को राहुल गाँधी ने भारत जोड़ो यात्रा से जोड़ दिया है। देश चाहता है कि श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने के बाद अब राहुल गाँधी देश के प्रधान मंत्री बनकर लाल किले पर तिरंगा फहरायें। इसलिए इंडिया गठबंधन के स्वभाविक नेता राहुल गाँधी हैं।

इस दौरान अल्पसंख्यक कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष नईम प्रधान, कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष सुनील राम, पूर्व विधायक अनिल अमिताभ दुबे,ज़िला अल्पसंख्यक अध्यक्ष साजिद खान, शहर अध्यक्ष रईस अहमद, प्रदेश महा सचिव शबीउल हसन, रुबिना अंसारी, मेहबूब निसा, रहीम पहलवान आदि मौजूद रहे।

Next Story