गाजीपुर

गाजीपुर में रिटायर्ड फौजी ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, गोली लगने से पिता की मौत, पुत्र घायल

Shiv Kumar Mishra
23 Sep 2022 1:39 PM GMT
गाजीपुर में रिटायर्ड फौजी ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, गोली लगने से पिता की मौत, पुत्र घायल
x

गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर ग्राम सभा शुक्रवार को भूमि विवाद में खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। ताबड़तोड़ गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि उसका पुत्र गोली लगने से घायल हो गया। उसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। तनाव के मद्देनजर गांव में फोर्स तैनात है। मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी रिटायर्ड फौजी एवं सहायक शिक्षक सहित चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने तीन आरोपियो को गिरफ्तार करने के साथ हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद किया।

शिवपुर ग्राम सभा के सोईया मौजे में घर के सामने आबादी की जमीन को लेकर दो पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। बीते 22 सितंबर को दोनों पक्ष थाने गए थे। जहां पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था। थाना से वापस आने के बाद गुड्डू यादव (50) और मन्नू यादव ने गुरुवार शाम कंटीले तार से विवादित भूमि को घेर लिया।

गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा गांव

दूसरे दिन सुबह उन्होंने देखा कि घेरे गए विवादित भूमि से कंटीले तार को हटा दिया गया है। इस बात को लेकर मन्नू यादव के परिवार के लोग रिटायर्ड फौजी एवं सहायक शिक्षक जर्नादन यादव के घर गए और कंटीले तार हटाने को लेकर कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान घर से बाहर निकले रिटायर्ड फौजी एवं सहायक शिक्षक जर्नादन यादव ने लाइसेंसी पिस्टल से लक्ष्य करके गुड्डू यादव को गोली मार दी।

गोली गुड्डू के सीने में लगी और वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। पिता को खून से लथपथ से देख पुत्र इंद्रजीत यादव (22) वहां पहुंचा। आरोपी ने उसे भी लक्ष्य कर गोली चलाया, लेकिन गोली मिस गई। इसके बाद उसने दूसरी बार फायरिंग किया। गोली इंद्रजीत के बाएं पैर में जा लगी। इसके बाद आरोपी ने हवा में दो बार फायरिंग की। गोलियों की तड़तड़ाहट से गांव गूंज उठा।

घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। इधर मन्नू यादव गोली लगने से घायल चचेरे भाई गुड्डू और उनके पुत्र इंद्रजीत को उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने गुड्डू को मृत घोषित कर दिया। घायल पुत्र को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए दिया।

कुछ देर बाद एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी और भुड़कुड़ा सीओ रविंद कुमार वर्मा के नेतृत्व में भुड़कुड़ा कोतवाल राजू दिवाकर, सादात एवं बहरियाबाद की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। मृतक के चचेरे भाई मन्नू यादव ने मुख्य आरोपी सेवानिवृत्त सेना के जवान एवं सहायक अध्यापक जर्नादन यादव, गोरखपुर में तैनात पुलिस कांस्टेबल संजय यादव, सुभाष सिंह यादव और जयराम यादव के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।

एसपी रोहन पी बोत्रे ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर ली गई है। तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई करने में जुटी हुई है।

गांव के चप्पे-चप्पे पर तैनात हुई पुलिस टीम

शिवपुर गांव में चप्पे-चप्पे पर पुलिस टीम तैनात है। प्रत्येक आने -जाने वालों पर नजर रखी हुई है। विवादित भूमि से लेकर मृतक के घर और आरोपी के मकान तक पुलिस टीम तैनात है। पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी के घर को भी खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही थानाध्यक्ष शैलेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम चक्रमण करने में जुटी हुई है, जिससे गांव में शांति व्यवस्था बनी रही।

Next Story