गोरखपुर

यादवों पर हो रही है कार्यवाही, भेजेंगे प्रतिनिधिमंडल: अखिलेश यादव

Satyapal Singh Kaushik
26 Dec 2022 6:00 AM GMT
यादवों पर हो रही है कार्यवाही, भेजेंगे प्रतिनिधिमंडल: अखिलेश यादव
x
गोरखपुर में कुछ दिनों से कई माफियाओं की संपति कुर्क की गई है। इन लोगों में ज्यादातर यादव हैं। इसी बात को लेकर अखिलेश ने नाराजगी जताई है।

गोरखपुर में यादवों पर गैंगेस्टर एक्ट और संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई पर समाजवादी पार्टी गंभीर हो गई है। सपा नेता भोला यादव से लेकर पूर्व ब्लॉक प्रमुख शैलेश यादव के पिता जवाहिर यादव की करीब 400 करोड़ की संपत्ति जब्त करने की सूचना मिलते ही सपा का एक प्रदेश स्तरीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार को गोरखपुर पहुंचेगा।

प्रतिनिधिमंडल यहां सपा नेताओं के खिलाफ हो रही कार्रवाई की जांच करेगा। साथ ही उनके परिवार के लोगों से मिलकर उन्हें सांत्वना भी देगा। इतना ही नहीं, यह प्रतिनिधिमंडल इस पूरे मामले की जांच रिपोर्ट सपा के प्रदेश कार्यालय में पेश करेगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने दी जानकारी

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने खुद एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी साझा की है। जिसमें उन्होंने यह भी बताया है कि, 8 सदस्यों का यह प्रतिनिधिमंडल सपा प्रमुख अखिलेश यादव के निर्देश पर सोमवार को गोरखपुर पहुंच रहा है।

सपा नेताओं को टारगेट किया जा रहा है

समाजवादी पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी राघवेंद्र तिवारी उर्फ राजू ने बताया, ''गोरखपुर पुलिस और प्रशासन द्वारा लगातार सपा नेताओं को टारगेट किया जा रहा है।

बीते दिनों सपा नेता जवाहिर यादव और उनके बेटों दुर्गेश यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख शैलेश यादव, सर्वेश यादव और अखिलेश यादव उर्फ भोला यादव पूर्व जिला पंचायत सदस्य समेत उनके भाई गोपाल यादव, भतीजा नीरज यादव पर गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।''

सपा प्रदेश कार्यालय को भेजी जाएगी रिपोर्ट

''इसके साथ ही पुलिस और प्रशासन ने उनकी संपत्तियों को भी अवैध रुप से कुर्क कर लिया। जिसका मामला राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के संज्ञान में आते ही उन्होंने 8 सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल गोरखपुर भेजने के निर्देश दिए हैं। ताकि, इस पूरे मामले की जांच कर प्रदेश कार्यालय को इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जा सके।''

राहुल यादव की हत्या

इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल के लोग बेलीपार इलाके के जुड़ापार गांव भी जाएंगे। जहां बीते सोमवार की रात दो भाईयों ने मिलकर राहुल यादव (24) पुत्र स्वर्गीय रमाकांत यादव की हत्या कर दी। दो मुर्गा काटने वाले व्यापारियों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर युवक को मार डाला।

जबकि, युवक को बचाने गए दो अन्य लोगों को मारकर घायल कर दिया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सात्वना और मदद का आश्वासन देंगे।

ये लोग रहेंगे प्रतिनिधिमंडल में शामिल

इस प्रतिनिधिमंडल में ओमप्रकाश सिंह विधायक और पूर्व मंत्री, राममूर्ति वर्मा विधायक और पूर्व मंत्री, संग्राम यादव 'बलिया' विधायक, डॉ. मोहसिन पूर्व मंत्री, रामभुआल निषाद पूर्व मंत्री, अवधेश यादव निवर्तमान जिला अध्यक्ष गोरखपुर, केके त्रिपाठी निवर्तमान महानगर अध्यक्ष और सिंघासन यादव निवर्तमान महानगर महासचिव शामिल हैं।

Satyapal Singh Kaushik

Satyapal Singh Kaushik

न्यूज लेखन, कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट और आर्टिकल लेखन में लंबा अनुभव है। दैनिक जागरण, अवधनामा, तरुणमित्र जैसे देश के कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में लेख प्रकाशित होते रहते हैं। वर्तमान में Special Coverage News में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story