गोरखपुर

ट्रांसपोर्ट नगर से देवरिया बाईपास तक बनेगा फ्लाईओवर, 550 करोड़ रुपये आएगी लागत

Shiv Kumar Mishra
2 Aug 2022 9:39 AM GMT
ट्रांसपोर्ट नगर से देवरिया बाईपास तक बनेगा फ्लाईओवर, 550 करोड़ रुपये आएगी लागत
x

गोरखपुर शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे से देवरिया बाईपास तिराहा होते हुए पैडलेगंज की तरफ 2.23 किलोमीटर लंबा सिक्सलेन फ्लाईओवर बनाया जाएगा। देवरिया बाईपास रोड को सिक्सलेन फ्लाईओवर से जोड़ने के लिए 434 मीटर लंबा फोरलेन फ्लाईओवर भी बनाया जाएगा। इस परियोजना पर कुल 550 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका प्रस्ताव सेतु निगम ने शासन को भेज दिया है। जल्द ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।

हाल ही में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेतु निगम के अधिकारियों को ट्रांसपोर्ट नगर से पैडलेगंज की ओर सिक्सलेन फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा था। इस निर्देश का पालन करते हुए सेतु निगम ने सिक्सलेन फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है।

प्रस्ताव के मुताबिक सिक्सलेन फ्लाईओवर ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे से ठीक पहले शुरू होकर देवरिया बाईपास तिराहा होते हुए राज्यसभा सांसद डा. राधामोहन दास अग्रवाल के आवास के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास जाकर समाप्त होगा। इसके अलावा 434 मीटर लंबे फोरलेन फ्लाईओवर से देवरिया बाईपास को सिक्सलेन फ्लाईओवर से जोड़ा जाएगा।

दरअसल, देवरिया बाईपास को फोरलेन बनाया जाना है। इसका प्रस्ताव भेजा जा चुका है। ऐसे में देवरिया बाईपास को सिक्सलेन फ्लाईओवर से जोड़ने के लिए फोरलेन फ्लाइओवर बनाया जाना जरूरी था। यह फोरलेन फ्लाईओवर देवरिया बाईपास तिराहा से शुरू होकर देवरिया बाईपास रोड पर करीब 434 मीटर आगे जाकर समाप्त होगा।

खत्म होगी जाम की समस्या

देवरिया बाईपास से लेकर ट्रांसपोर्ट नगर तक अक्सर प्रतिदिन जाम लगा रहता है। करीब ढाई किलोमीटर की इस दूरी को तय करने में कभी-कभी एक से डेढ़ घंटे लग जाते हैं। ऐसे में इस मार्ग पर सिक्सलेन फ्लाईओवर बन जाने से जाम की समस्या खत्म हो जाएगी। इस फ्लाईओवर की मांग लंबे समय से की जा रही है। पिछली सपा सरकार में जीडीए ने एक बार प्रस्ताव तैयार किया था, लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ सकता। अब मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजे जाने से जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

जिलाधिकारी कृष्णा करूणेश ने कहा कि सिक्सलेन फ्लाईओवर का प्रस्ताव सेतु निगम की ओर से शासन को भेजा गया है। साथ ही देवरिया बाईपास को सिक्सलेन फ्लाईओवर से जोड़ने के लिए एक फोरलेन फ्लाईओवर भी बनाया जाएगा। दोनों परियोजनाओं को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

Next Story