उत्तर प्रदेश

अनुदेशक गीता ऑस्ट्रेलिया में लहराएंगी भारत का परचम

Satyapal Singh Kaushik
15 Sept 2022 10:15 AM IST
अनुदेशक गीता ऑस्ट्रेलिया में लहराएंगी भारत का परचम
x
9 हजार के अल्प मानदेय पर काम करने के बावजूद भी अनुदेशक गीता ने अपने हौसलों को बुलंद रखा और आर्थिक अभावों से जूझते हुए अपने खेल की प्रैक्टिस में जुटी रहीं।

"हौसले जिनके चट्टान हुआ करते हैं, रास्ते उनके ही आसान हुआ करते हैं"| जी हां हम बात कर रहे हैं उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के कंपोजिट विद्यालय जिगिना की एक अनुदेशक गीता पुष्पजीवी की जो एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ऑस्ट्रेलिया जाएंगी। 9 हजार के अति अल्प मानदेय पर काम करने वाली गीता जबरदस्त आर्थिक अभावों से जूझने के बावजूद भी अपने हौसलों को हमेशा जिन्दा रखा और वह कर दिखाया जो बड़े-बड़ों को बस की बात नहीं थी।

9 हजार के अल्प मानदेय पर काम करते हुए भी गीता ने कभी हार नहीं माना

2013 में गीता की नियुक्ति शारीरिक शिक्षा अनुदेशक के पद पर कंपोजिट विद्यालय जिगिना में हुआ था। तब उस समय उनका मानदेय मात्र 7 हजार रूपए था लेकिन इतना कम मानदेय होने के बावजूद भी रोज विद्यालय जाना और समय निकालकर अपने गेम को प्रैक्टिस करना इन्होंने कभी नहीं छोड़ा। गीता ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं के खेल को संवारने में जुट गई। गीता पहले से ही हॉकी और ताईक्वान्डो की चैम्पियन रहीं है। हॉकी में नेशनल लेबल तक अपना परचम लहराया था। लेकिन बाद में आर्थिक तंगी की वजह से खेल से थोड़ा दूर हो गईं। गीता बताती हैं कि दो वर्ष पहले उन्हें पता चला कि एथलेटिक्स की मास्टर्स प्रतियोगिता भी होती है। इसके बाद उन्होंने इसमें हिस्सा लेने का निर्णय लिया। पारिवारिक जिम्मेदारियों और स्कूली जिम्मेदारियों के बीच एथलेटिक्स की तैयारी करना चुनौतीपूर्ण था। लेकिन पति दिवाकर कुमार सहित परिवार के सदस्यों का पूरा सहयोग मिला तो धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगी। गीता ने बताया कि पहले 2021 में लखनऊ में स्टेट लेबल की प्रतियोगिता आयोजित हुई, इसमें जीत दर्ज करने के बाद नेशनल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ। फरवरी 2022 में बनारस में नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स में हिस्सा लिया। यहां 200 मीटर की लंबी कूद में गीता ने गोल्ड तो 100-100 मीटर की दो प्रतियोगिता में सिल्वर पदक प्राप्त किया। गीता ने बताया कि इसमें देश के 18 राज्य की टीम ने प्रतिभाग किया था। यहां जीत दर्ज करने के बाद इंटरनेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स के लिए चयन हुआ है। अब 3 नवंबर से 13 नवंबर तक प्रतियोगिता ऑस्ट्रेलिया में होगी। इसमें देश को गोल्ड दिलाने का लक्ष्य है।

सरकार से नहीं मिली मदद तो शिक्षकों ने शुरू की मदद

इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 3 लाख रुपए की जरूरत है, कम मानदेय होने की वजह से इतने पैसों का इंतजाम कर पाना गीता के लिए मुश्किल है, लेकिन इनके जज्बे को देखकर हैंसर ब्लॉक के शिक्षकों ने इनकी मदद करने को ठानी है और इसके लिए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष ओम प्रकाश यादव, मंत्री रामकरन पासवान और कोषाध्यक्ष जनार्दन चौधरी ने पहल शुरू कर दिया है। सभी शिक्षकों से इसमें सहयोग की अपील की है। इनका कहना है कि गीता का इंटरनेशनल प्रतियोगिता में शामिल होना जनपद ही नहीं प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

Satyapal Singh Kaushik

Satyapal Singh Kaushik

न्यूज लेखन, कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट और आर्टिकल लेखन में लंबा अनुभव है। दैनिक जागरण, अवधनामा, तरुणमित्र जैसे देश के कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में लेख प्रकाशित होते रहते हैं। वर्तमान में Special Coverage News में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story