जालौन

कार के अंदर सिगरेट पी, जिंदा जलकर मरे दो लोग

सुजीत गुप्ता
22 Dec 2021 5:21 AM GMT
कार के अंदर सिगरेट पी, जिंदा जलकर मरे दो लोग
x

जालौन में मंगलवार देर रात दर्दनाक भीषण हादसा हो गया। कपड़ा गोदाम के कर्मी कार से घूमने गए थे। फिर आकर उसी में बैठकर शराब और सिगरेट पी रहे थे। वहीं पर सो गए। इसी दौरान उनके हाथ से सिगरेट गिर गई। इस बीच चिंगारी से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। दोनों कर्मियों से शव इतने जल गए कि पुलिस के लिए उनको पहचान पाना मुश्किल हो रहा था। बाद में कंपनी के कार्ड से उनकी शिनाख्त हो सकी।

उरई कोतवाली क्षेत्र के सूर्य नगर मोहल्ले में अनिल यादव का कपड़े का काफी बड़ा गोदाम है। अनिल ने बताया कि गोदाम में एक तरफ वह अपनी कारें और बाइकें खड़ी करते हैं। कांशीराम कॉलोनी निवासी रामू और तुफैल पुरवा निवासी संतोष उनके यहां काम करते थे। संतोष तुफैल पुरवा में ही किराए के मकान में रहता था।

अनिल ने बताया कि देर रात को संतोष और रामू गोदाम से उनकी ऑल्टो कार लेकर पार्टी करने गए थे। पार्टी ने दोनों ने शराब पी। आने के बाद दोनों कार को गोदाम में ले गए और कार के अंदर ही सिगरेट पी और वहीं उसे जलता छोड़कर सो गए। कुछ देर बार आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। अधिक नशे में होने के कारण दोनों निकल नहीं पाए, जिससे जलकर मौत हो गई। पास में खड़ी एक कार और 3 बाइकें भी जल गईं। हालांकि गोदाम की दूसरी साइड में रखा सामान जलने से बच गया।

अनिल ने बताया कि आसपास के लोगों ने आग देखी तो फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ विजय आनंद ने बताया कि जांच की जा रही है कि आग कैसे लगी है।

Next Story