कानपुर

UP : पत्नी फांसी लगा रही थी, पति बनाता रहा वीडियो, ससुराल वालों को भेजा, मां- बाप पहुंचे फिर...

Arun Mishra
26 Oct 2022 8:01 AM GMT
UP : पत्नी फांसी लगा रही थी, पति बनाता रहा वीडियो, ससुराल वालों को भेजा, मां- बाप पहुंचे फिर...
x
चौंकाने वाली बात यह है कि फांसी लगाते समय पति उसी कमरे में मौजूद था। वह पत्नी को रोकने या बचाने के बजाय उसका वीडियो बनाता रहा।

कानपुर के गुलमोहर विहार नौबस्ता इलाके में एक महिला ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। चौंकाने वाली बात यह है कि फांसी लगाते समय पति उसी कमरे में मौजूद था। वह पत्नी को रोकने या बचाने के बजाय उसका वीडियो बनाता रहा।

पति ने वीडियो पत्नी के घर वालों को भेज दिया। वीडियो देखकर कानपुर में ही रहने वाले महिला के माता-पिता घर पहुंचे। वहां बेटी बेसुध हालत में बेड पर पड़ी थी। माता-पिता बेटी को आनन-फानन में हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

महिला के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया है।

पत्नी का फंदा लगाने का वीडियो बनाया

कानपुर के किदवई नगर ई-ब्लॉक निवासी राजकिशोर गुप्ता ने बताया, "18 फरवरी 2017 को बेटी शोभिता की शादी हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के गुलमोहर विहार निवासी संजीव गुप्ता से की थी। शादी के बाद से ही पति और ससुराल के लोग दहेज के लिए मारपीट और प्रताड़ना दे रहे थे।

25 अक्टूबर को बेटी को इतना प्रताड़ित किया कि उसने फांसी लगाकर जान दे दी। दामाद संजीव वीडियो बनाता रहा। इसके बाद उसने हमको वीडियो भेज दिया।

पिता राजकिशोर समेत अन्य परिवार के लोग बेटी के ससुराल पहुंचे तो उसका शरीर पूरी तरह से ठंडा पड़ चुका था। इसके बाद उसे हॉस्पिटल ले गए। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पति बोला- उसकी हरकतें दिखाने के लिए बनाया वीडियो

पूछताछ के दौरान आरोपी पति संजीव ने बताया कि 25 अक्टूबर को दोनों के बीच झगड़ा हो गया था। इसके बाद वह फांसी लगाने की बात कहकर पंखे में फंदा बना रही थी, तो उसका वीडियो बनाकर मायके वालों को भेज दिया। इस दौरान उसने फांसी नहीं लगाई और उतर आई।

ससुराल वालों को वीडियो भेजते हुए कहा कि अपनी बेटी की हरकतें देख लो। संजीव का दावा है कि इसके बाद फिर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और पत्नी ने दोबारा फांसी लगाकर जान दे दी। पति यही सोचता रहा कि पत्नी फांसी लगाने की धमकी या फिर नाटक कर रही है और कुछ ही देर में शोभिता ने दम तोड़ दिया।

Next Story