कुशीनगर

पत्‍नी और दो मासूम बेटों का हंसुए से गला काटकर थाने पहुंचा हत्यारा, बोला-'मुझे गिरफ्तार कर लीजिए'

पत्‍नी और दो मासूम बेटों का हंसुए से गला काटकर थाने पहुंचा हत्यारा, बोला-मुझे गिरफ्तार कर लीजिए
x

कुशीनगर। उत्‍तर प्रदेश के कुशीनगर के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के भलुही गांव निवासी एक व्‍यक्ति ने देर रात सोते समय अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की निर्मम हत्या कर दी। इस वारदात सूचना पर पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद आरोपी घर से आठ किमी पैदल चलकर थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

राजेश गुप्ता पुत्र चुन्नू गुप्ता (उम्र 35 वर्ष) चंडीगढ़ में निजी कंपनी में काम करता था। तीन महीने पहले उसकी मां का निधन हो गया। तब राजेश वापस घर आ गया। तबसे वह यहीं था। तीन भाइयों में दूसरे नम्बर का राजेश अपनी पत्नी निक्की गुप्ता व बेटे शिवम सात वर्ष व आयुष तीन वर्ष के साथ अन्य भाइयों से अगल रहता था। ग्रामीणों की मानें तो पति-पत्नी में अक्सर कहासुनी होती रहती थी। ग्रामीणों के अनुसार अपनी मां के मरने के बाद उसने लोगों के बीच आना-जाना कम कर दिया था।

सोमवार को परिवार के साथ खाना खाने के बाद सब सोने चले गए। इसके बाद उसने हंसुए से पहले पत्नी फिर बच्चों का गला काटकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पैदल ही घर से आठ किलोमीटर दूर थाने पहुंच कर पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस, आरोपी को लेकर वापस उसके घर पहुचीं। तब गांव वालों को घटना का पता चला। जब लोग अंदर गए तो वहां का नजारा देख सभी का कलेजा कांप उठा। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया। तुर्कपट्टी थाने के एसओ आनंद गुप्ता ने बताया कि प्रथम दृष्टया पति-पत्नी का आपसी विवाद सामने आया है। दोनों के बीच आपसी विवाद होता रहता था। थानाध्यक्ष तुर्कपट्टी आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतका के भाई ने तहरीर दी है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।



Next Story