लखीमपुर खीरी

लखीमपुर खीरी में विरोध कर रहे किसानों को भाजपा के केंद्रीय गृह राज्य मंत्री की गाड़ी ने कुचला : संयुक्त किसान मोर्चा

Desk Editor
3 Oct 2021 1:04 PM GMT
लखीमपुर खीरी में विरोध कर रहे किसानों को भाजपा के केंद्रीय गृह राज्य मंत्री की गाड़ी ने कुचला : संयुक्त किसान मोर्चा
x
संयुक्त किसान मोर्चा की मांग है कि उत्तर प्रदेश सरकार अजय मिश्रा टेनी की तरफ से शामिल सभी लोगों के खिलाफ हत्या के आरोपों के साथ तुरंत मामला दर्ज करे। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री को तुरंत बर्खास्त किया जाए

उ‌त्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में तिकुनिया में हेलीपैड पर किसानों का काले झंडों के साथ प्रदर्शन - एक जनसभा में किसान नेताओं के खिलाफ जारी खुली धमकी के लिए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन.

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे किसानों पर एक भाजपा के केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी, उनके बेटे, उनके चाचा और अन्य लोगों से जुड़े वाहनों का काफ़िला कई प्रदर्शनकारियों को कुचल गया। बताया जा रहा है कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष (मोनू) मिश्रा ने एक किसान की गोली मार कर हत्या कर दी। इस घटना में कम से कम दो अन्य किसानों की भी मौत हो गई (एक मौके पर और दूसरा अस्पताल में) और करीब दस अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।


खबर है कि तराई किसान संगठन के नेता और एसकेएम नेता तजिंदर सिंह विर्क भी घायल हुए हैं। मृतकों और घायलों के बारे में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। खबर है कि इस क्रूर हमले के बाद किसानों को जवाबी कार्रवाई के लिए उकसाया भी गया और भाजपा नेता के वाहनों को तोड़ दिया गया।

संयुक्त किसान मोर्चा की मांग है कि उत्तर प्रदेश सरकार अजय मिश्रा टेनी की तरफ से शामिल सभी लोगों के खिलाफ हत्या के आरोपों के साथ तुरंत मामला दर्ज करे। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री को तुरंत बर्खास्त किया जाए। एसकेएम ने उत्तर प्रदेश के भाजपा नेताओं को राज्य के किसानों को ललकारने से रोकने की भी चेतावनी दी है। एक आपात बैठक के बाद, एसकेएम द्वारा अपनी अगली कार्रवाई की घोषणा किए जाने की उम्मीद है। इस बीच एसकेएम के कई नेता अलग-अलग जगहों से लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हो गए हैं।

जैसा कि पूर्व में घोषित किया गया था, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री द्वारा जनसभा में किसान नेता के खिलाफ जारी खुली धमकी के विरोध में आज सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान काला झंडा दिखाने के लिए जमा होने लगे।

उपमुख्यमंत्री को वहां उतरने से रोकने के लिए हजारों की संख्या में किसान आज सुबह महाराजा अग्रसेन ग्राउंड स्थित हेलीपैड पर काले झंडों के साथ क़ाबिज़ हो गए। जैसा कि पहले बताया गया था, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी ने हाल ही में एक जनसभा में किसान नेताओं को खुली धमकी जारी की थी।

बताया जाता है कि किसानों पर क्रूर हमला तब हुआ जब किसान तितर-बितर हो रहे थे और विरोध स्थल से निकल रहे थे। सूचना के अनुसार टेनी के बेटे, चाचा और अन्य लोगों ने तब प्रदर्शनकारियों, जो काले झंडे के साथ सड़कों पर खड़े थे को कुचल दिया जिसमें दो किसानों के मौके पर ही मारे जाने की सूचना है। कई अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सौजन्य से :

संयुक्त किसान मोर्चा

Next Story