उत्तर प्रदेश

सुबह घर में घुसा तेंदुआ, 11 घंटे बाद पकड़ा गया

Sakshi
4 March 2022 3:59 PM GMT
सुबह घर में घुसा तेंदुआ, 11 घंटे बाद पकड़ा गया
x
उत्तर प्रदेश के मेरठ के पल्लवपुरम फेस-2 में शुक्रवार सुबह एक घर में तेंदुआ दिखने से हड़कंप मच गया...

उत्तर प्रदेश के मेरठ के पल्लवपुरम फेस-2 में शुक्रवार सुबह एक घर में तेंदुआ दिखने से हड़कंप मच गया। इस बात जानकारी मिलते ही सुबह से उस घर को वन विभाग, पुलिस, प्रशासन की टीम ने घेर लिया। एक बार तेंदुआ जाल में फंस गया लेकिन दोपहर करीब 12 बजे तेंदुआ सभी को चकमा देकर खाली प्लाट की ओर भाग निकला। पूरे दिन की मशक्कत के बाद शाम करीब पांच बजे वन विभाग की टीम ने तेंदुए को ट्रेंकुलाइज करने में सफलता पाई। करीब छह बजे तेंदुआ पकड़ा गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब सात बजे पल्लवपुरम फेस-2 में टहलने निकले लोगों की नजर तेंदुए पर पड़ी। तेंदुआ करीब आठ फीट ऊंची दीवार फांदकर क्यू पॉकेट स्थित मकान नंबर-71 में जा घुसा। यह देख भवन स्वामी स्वप्निल शर्मा के परिवार में हड़कंप मच गया। लोगों की सूचना पर पुलिस, प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। डीएफओ राजेश कुमार ने सुबह नौ बजे तेंदुआ होने की पुष्टि की।

बता दें कि इस मामले में लोगों का कहना है कि तेंदुआ आठ फुट ऊंची दीवार फांदकर घरमें जा घुसा। घर के लोग दहशत में आ गए। वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम भी आ गई। दोपहर करीब 12 बजे तेंदुआ तमाम घेराबंदी को चकमा देकर निकल भागा। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागते दिखे। तेंदुआ एक खाली प्लाट में जा घुसा। वन विभाग ने खाली प्लाट के चारों ओर जाल लगा दिया। शाम पांच बजे वन विभाग की विशेष टीम तेंदुए को ट्रेंकुलाइज करने में सफल हुई। ऑपरेशन करीब 11 घंटे चला और शाम करीब छह बजे तेंदुआ पकड़ा गया।

डीएफओ राजेश कुमार ने बताया, पल्लवपुरम फेस-2 में तेंदुआ होने की सूचना मिली थी। इसके बाद वन विभाग की टीमों को तेंदुआ रेस्क्यू कराने के लिए रवाना किया गया। मैं खुद मौके पर डटा रहा। शाम छह बजे वन विभाग ने ट्रेंकुलाइज कर तेंदुए को कब्जे में ले लिया।

Next Story