लखनऊ

राजधानी में महिला का खून से लथपथ शव बरामद !

Shiv Kumar Mishra
26 Oct 2020 9:26 AM GMT
राजधानी में महिला का खून से लथपथ शव बरामद !
x

लखनऊ। यूपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सूबे में महिला शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि राजधानी में महिला की हत्या ने एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताज़ा मामला काकोरी थाना क्षेत्र का है जहां एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई।

महिला का शव बेहटा-बंथरा रोड के नारायणपुर गांव में सड़क किनारे पड़ा मिला था। स्थानीय लोगों ने सुबह सड़क किनारे महिला का लहूलुहान शव देखकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस अधिकारी वहां पहुँचे। काफी प्रयास के बावजूद शव की पहचान नहीं हो सकी।

वहीं पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक छानबीन में सामने आया है कि महिला की हत्या के बाद शव को किसी गाड़ी से हत्यारे यहां लेकर आए थे। शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से सड़क किनारे फेंककर भाग निकले। स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला के गले मे दुपट्टा कसा था और गले पर चोट के गंभीर निशान थे। यही नहीं जिस स्थान पर शव पड़ा था वहां चारों तरफ खून फैला था। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि महिला का गला कसने के बाद किसी हथियार से उसका गला रेता गया है। महिला ने हत्यारों से संघर्ष भी किया था। पुलिस राजधानी से लापता महिलाओं के बारे में जानकारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डीसीपी साउथ रईस अख्तर के मुताबिक शव की पहचान नहीं हो पा रही है। स्थानीय लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि कहीं और हत्या कर के शव यहां फेक दिया गया है फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और जल्द से जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा

Next Story