लखनऊ

ठगों ने डॉलर में निवेश का झांसा देकर की ठगी, ऐंठे पांच करोड़ रुपए

Sakshi
27 Jan 2022 4:18 PM GMT
ठगों ने डॉलर में निवेश का झांसा देकर की ठगी, ऐंठे पांच करोड़ रुपए
x
हमारी फर्म के साथ जुड़ कर ट्रेडिंग करने पर कम वक्त में अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। यह झांसा देते हुए ठगों ने पांच करोड़ रुपये हड़प लिए...

ठगों ने ट्रेडिंग फर्म के नाम पर पांच करोड़ की ठगी को अंजाम दिया है| डॉलर की कीमत तेजी से बढ़ रही है। हमारी फर्म के साथ जुड़ कर ट्रेडिंग करने पर कम वक्त में अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। यह झांसा देते हुए ठगों ने पांच करोड़ रुपये हड़प लिए। मुनाफा नहीं मिलने पीड़ित के तकादा करने पर आरोपी टाल मटोल करने लगे जिसके बाद पीड़ित ने विभूतिखंड कोतवाली में सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार छोटा भरवारा निवासी मनोज सिंह के मुताबिक सात अगस्त को विभूतिखंड स्थित होटल में फारेक्स ट्रेडिंग फर्म की मीटिंग हुई थी जिसमें शशिकांत, अंकुर कौशिक, प्रेरणा, परम यादव और गौरव शामिल हुए थे। कम्पनी से जुड़े शशिकांत और उसके साथियों ने डॉलर में ट्रेडिंग किए जाने की जानकारी दी थी। मनोज के अलावा मीटिंग में मधुबन, अशोक और इटावा निवासी प्रदीप शाक्य भी शामिल हुए थे। सभी लोगों ने मिल कर करीब पांच करोड़ रुपये का निवेश किया था। शशिकांत ने सभी को एक एप के बारे में भी बताया था। जिस पर डॉलर में की गई ट्रेडिंग पर मिलने वाले मुनाफे के बारे में जानकारी हासिल की जा सकती थी। मनोज के अनुसार ट्रेडिंग के बाद उनके अकाउंट में तीन करोड़ 27 लाख रुपये का मुनाफा दिखाया गया था। लेकिन उसे निकालने का विकल्प एप में नहीं था। बता दें कि मनोज ने शशिकांत से रुपये निकालने के लिए कहा तो वह टाल मटोल करता रहा। इस बीच मधुबन और अशोक ने भी रुपये नहीं निकलने की जानकारी दी जिसके बाद मनोज ने पड़ताल करना शुरू किया। छानबीन करने पर जानकारी मिली की डॉलर में निवेश का झांसा देकर सभी के साथ ठगी की गई है। मिली जानकारी के अनुसार जालसाजों की करतूत पता चलने के बाद मनोज ने डीसीपी पूर्वी अमित आनन्द से मुलाकात कर उन्हें घटना की जानकारी दी थी जिनके निर्देश पर विभूतिखंड कोतवाली में शशिकांत, अंकुर कौशिक, प्रेरणा, परम यादव और गौरव के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।

Next Story