
- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- लखनऊ
- /
- 2 विधायकों के मर्डर के...
2 विधायकों के मर्डर के आरोपी की कोर्ट परिसर में हत्या पर जानें क्या बोले अधिकारी?

उत्तर प्रदेश के 2 विधायकों के हत्या के आरोपी रहे गैंगस्टर संजीव महेश्वरी जीवा की बुधवार को राजधानी स्थित कोर्ट परिसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई, हत्या करने वाले आरोपित युवक विजय कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
इस पूरे मामले पर स्पेशल डीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने बताया है कि संजीव महेश्वरी जीवा को 3:55 के करीब कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया गया था।
वैसे ही वकील के वेश में एक युवक ने उस पर फायरिंग की। उन्होंने बताया कि फायरिंग के दौरान संजीव जीवा घायल हुआ, 2 पुलिस कांस्टेबल, एक महिला और उसके साथ आई उसकी 1.5 वर्षीय बच्ची घायल हो गई।
संजीव जीवा की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस कांस्टेबल, महिला और उसकी बच्ची सब की हालत स्थिर हैं। फायरिंग करने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है।
वहीं केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में लखनऊ के डीएम सूर्यपाल गंगवार पहुंचे। उन्होंने बच्ची की हालत जानी।
इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि संजीव उर्फ जीवा को गोली मारी गई है और उसको मृत घोषित किया गया है। घटना में एक बच्ची को भी चोट आई है। बच्ची की स्थिति स्थिर है और उसका उपचार KGMU में चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है और उसकी स्थिति गंभीर है। घटना के दौरान कितने लोग थे उसकी जांच चल रही है और उनके ख़िलाफ़ सख्त कार्रवाई होगी।
हरे रंग की शर्ट और नीली डेनिम पहने गैंगस्टर को शहर के कैसरबाग इलाके में एक स्थानीय अदालत में लाया गया और अदालत कक्ष में प्रवेश करते समय उसे गोली मार दी गई।
संजीव जीवा के खिलाफ एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज थे और राज्य में कई आपराधिक सिंडिकेट चलाते थे। वह कई वर्षों से जेल में था, और रिपोर्टों का कहना है कि उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कम से कम 50 आपराधिक मामले दर्ज थे।
कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि वह मुख्तार अंसारी जैसे पूर्वी उत्तर प्रदेश के गैंगस्टरों से भी जुड़ा था।
यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमलावर रिवाल्वर लेकर अदालत परिसर में कैसे घुस गया।यह हमला गैंगस्टर अतीक अहमद के पुलिस हिरासत में मारे जाने के दो महीने बाद हुआ है।




