लखनऊ

टोक्यो ओलिंपिक में पदक विजेता UP के हाकी खिलाड़ी ललित बनेंगे डिप्टी SP

Shiv Kumar Mishra
17 Sep 2022 4:48 AM GMT
टोक्यो ओलिंपिक में पदक विजेता UP के हाकी खिलाड़ी ललित बनेंगे डिप्टी SP
x
24 खिलाड़ियों को राजपत्रित अधिकारी के पद पर मिलेगी नौकरी

लखनऊ । टीम इंडिया के स्टार हाकी खिलाड़ी ललित कुमार उपाध्याय (Lalit Kumar Upadhyay) को उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बड़ा उपहार दिया है। टोक्यो ओलिंपिक वर्ष 2020 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हाकी टीम के सदस्य ललित को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (Deputy SP) पद पर भर्ती किया जाएगा।

उन्होंने खेल विभाग के प्रस्ताव पर सहमति भी जता दी है। जल्द उनकी नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 41 साल बाद ओलिंपिक में भारतीय हाकी टीम ने पदक जीता था और ललित उस टीम के सदस्य थे। ऐसे में यूपी का गौरव बढ़ाने का उन्हें इनाम दिया जा रहा है।

कामनवेल्थ में जूडो में कांस्य पाने वाले विजय नायब तहसीलदार

वहीं बर्मिंघम में आयोजित हुए कामनवेल्थ गेम्स 2022 में 60 किलोग्राम वर्ग में जूडो प्रतियोगिता में कांस्य जीतने वाले विजय यादव को राजस्व विभाग में नायब तहसीलदार के पद पर भर्ती की जाएगी। इन्होंने भी प्रस्ताव पर सहमति जता दी है। अपर मुख्य सचिव खेल नवनीत सहगल ने बताया कि 20 सितंबर को मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की अध्यक्षता में संबंधित समिति की बैठक बुलाई गई है। बैठक में निर्णय होने के बाद दोनों खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र जारी किया जाएगा।

24 खिलाड़ियों को राजपत्रित अधिकारी के पद पर मिलेगी नौकरी

अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले 24 खिलाड़ियों को राजपत्रित अधिकारी के पद पर नौकरी देने के लिए पदों को चिन्हित कर लिया गया है। अब 22 और खिलाड़ियों को नियुक्ति दी जाएगी। खेल विभाग की ओर से नौ विभागों में अधिकारी के पदों पर भर्ती के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है।

ग्राम्य विकास विभाग में खंड विकास अधिकारी के चार पद, बेसिक शिक्षा विभाग में उप्र शैक्षिक (सामान्य शिक्षा संवर्ग) सेवा के बेसिक शिक्षा अधिकारी के एक पद, माध्यमिक शिक्षा विभाग में उप्र शैक्षिक (सामान्य शिक्षा संवर्ग) सेवा के सहायक विद्यालय निरीक्षक के दो पद, गृह विभाग में उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा के पुलिस उपाधीक्षक के सात पद, पंचायतीराज विभाग में जिला पंचायतीराज अधिकारी, उत्तर प्रदेश युवा कल्याण एंव प्रांतीय रक्षक दल के जिला युवा कल्याण अधिकारी, परिवहन विभाग में यात्रीकर एवं मालकर अधिकारी, वन विभाग में क्षेत्रीय वन अधिकारी व राजस्व विभाग में नायब तहसीलदार के दो-दो पदों पर इनकी भर्ती की जाएगी।

एक महीने में कोच के सभी खाली पद भरे जाएंगे

उत्तर प्रदेश में अब खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देने के लिए कोच की कमी नहीं होगी। अभी कोच के कुल 450 पदों में से 270 पद खाली हैं। सिर्फ 180 कोच ही खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दे रहे हैं। ऐसे में खेल प्रतियोगिताओं में प्रदेश के खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करें इसके लिए एक महीने में ही कोच के सभी खाली पदों को भरा जाएगा। अच्छे खिलाड़ी तैयार करने के लिए खेल विभाग सभी जरूरी उपाय करने में जुटा हुआ है।

Next Story