लखनऊ

मुलायम ने अखिलेश के संग जाकर मनाया गणतंत्र दिवस, जनेश्वर मिश्र पार्क में दी ध्वज को सलामी

Special Coverage News
26 Jan 2019 1:29 PM GMT
मुलायम ने अखिलेश के संग जाकर मनाया गणतंत्र दिवस, जनेश्वर मिश्र पार्क में दी ध्वज को सलामी
x

समाजवादी पार्टी की ओर से आज 70वां गणतंत्र दिवस समारोहपूर्वक समाजवादी पार्टी मुख्यालय, तथा जनेश्वर मिश्र पार्क, गोमतीनगर, लखनऊ में मनाया गया। पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव ने पार्टी मुख्यालय में ध्वजारोहण किया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनेश्वर मिश्र पार्क स्थित प्रदेश के सबसे बड़े राष्ट्रध्वज को सलामी दी। ढोल नगाड़े और गीत संगीत के साथ देशभक्ति के नारों से वातावरण बराबर गूंजता रहा।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस अवसर पर कहा कि आज उन क्रांतिकारियों को याद करने का दिन है जिनके बलिदान से हमें आजादी मिली। देश को आज के ही दिन डाॅ0 भीमराव अम्बेडकर ने देश का संविधान दिया था। हमारे समाज की खूबसूरती है कि हम सब विभिन्न धर्म, बोली और जातियों के लोग मिलजुलकर रहते आए हैं। इस परम्परा को बनाए रखना है ताकि देश मजबूत रहे। उन्होंने कहा आज हमें संकल्प लेना है कि देश खुशहाल हो, किसी गरीब, किसान का हक न छीना जाए।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। देश की 60 प्रतिशत सम्पत्ति 9 परिवारों में कैद होकर रह गई है। सामाजिक-आर्थिक विषमताओं में वृद्धि हुई है। पांच वर्ष में 50 हजार किसान आत्महत्या कर चुके है। न उनकी कर्जमाफी हुई, नही उनकी आय दुगनी हुई है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिला। जीएसटी ने व्यापार चैपट कर दिया है।

अखिलेश यादव ने कहा कि किसी को सम्मान मिले, समाजवादी कभी इस पर उंगली नहीं उठाते हैं। भाजपा ने यशभारती सम्मान पर सवाल उठाए। अब उन्हें कैसा लग रहा होगा जब उनके दिए सम्मान पर लोग प्रश्नचिह्न लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा से जनता नाराज है। वह चाहती है कि देश को नया प्रधानमंत्री मिले। जनता वोट से इनका एनकाउण्टर करेगी।

जनेश्वर मिश्र पार्क में आयोजित समाजवादी पार्टी के राष्ट्रध्वज अभिवादन समारोह में आज देशभक्ति का समा था। लोक तिरंगा लिए जयहिंद, भारत माता की जय के साथ अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे भी लगा रहे थे। समाजवादी युवजन सभा, समाजवादी छात्रसभा, यूथ ब्रिगेड और लोहिया वाहिनी के नौजवान अपने ड्रेसकोड में कतारबद्ध खड़े थे। महिलाएं भी बड़ी संख्या में मौजूद थी। ज्ञान कान्वेन्ट पब्लिक स्कूल की छात्राएं स्कूली डेªस में श्रीमती सुमन यादव के नेतृत्व में मौजूद थी। मुस्लिम नौजवान भी वहां बड़ी तादाद में आए थे। सपेरा समाज की टोली भी बीन-बाजे के साथ मौजूद थी।

ज्नेश्वर मिश्र पार्क लगभग 400 एकड़ क्षेत्र में एशिया का सबसे बड़ा पार्क है। पूरे क्षेत्र में हरियाली है, एक बड़ी झील है जहां नौकायन की सुविधा है। इसकी कल्पना और उद्घाटन अखिलेश यादव ने अपने मुख्यमंत्रित्वकाल में की थी। राजधानी लखनऊ के नागरिकों के लिए यह सबसे आकर्षक स्थल है जहां सुबह से शाम तक भारी भीड़ रहती है। अखिलेश यादव स्वयं पर्यावरणविद है और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उन्होंने महत्वपूर्ण कदम उठाए थे। समाजवादी सरकार में एक दिन में 5 करोड़ पौधारोपण तो एक रिकार्ड है। यहां पहले 15 अगस्त और 26 जनवरी को बैंडवादन होता था। यह व्यवस्था समाजवादी सरकार की थी। अब भाजपा सरकार ने इसे बंद कर दिया है।

जनेश्वर मिश्र पार्क में आज के गणतंत्र दिवस समारोह का सबसे आकर्षक दृश्य था छोटे-छोटे बच्चे हाथ में तिरंगा लिए अखिलेश के स्वागत और राष्ट्रध्वज का अभिनंदन करने के लिए वहां एकत्र थे। बच्चों की टोली में अजलान अलाउद्दीन, आदित्य यादव, अंशिका त्रिवेदी, वेदांत, उत्कर्ष, अरहान, राजवीर रंगारंग वेश भूषा में तिरंगा लेकर आए थे।

Next Story