लखनऊ

एक घंटे की यात्रा के लिए सात घंटे इंतजार, परेशान यात्रियों ने जब पूछा तो... क्या मिला जवाब जानें?

सुजीत गुप्ता
14 Nov 2021 9:13 AM GMT
एक घंटे की यात्रा के लिए सात घंटे इंतजार, परेशान यात्रियों ने जब पूछा तो... क्या मिला जवाब जानें?
x

लखनऊ से दिल्ली के बीच की एक उड़ान अपने तय समय से सात घंटे 13 मिनट देरी से रवाना हुई। इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 2024 दिन में 1:00 बजे राजधानी से दिल्ली के लिए उड़ती है। इस उड़ान के दिल्ली उतरने का समय 2:15 बजे है। शनिवार को पौन घंटे पहले बोर्डिंग के लिए यात्री एयरपोर्ट पहुंच चुके थे लेकिन जिस विमान से जाना था, वह आया ही नहीं। धीरे धीरे समय बीतता गया लेकिन उड़ान का कुछ अता पता नहीं था।

नतीजतन पूरा दिन यात्री परेशान रहे। कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ थीं। बच्चे रो रहे थे। कोई बता नहीं पा रहा था कि उड़ान लेट क्यों हुई। परेशान यात्रियों ने इंडिगो के काउंटर पर सम्पर्क किया लेकिन वहां भी कोई कुछ बताने की स्थिति में नहीं था। आखिरकार देर शाम पौने आठ बजे विमान आया। इसके बाद यात्रियों को इसमें बैठाया गया। शाम 8:13 बजे उड़ान भरकर यह रात 9:29 पर दिल्ली पहुंचा।

दरअसल जो विमान लखनऊ से उड़ान संख्या 2024 पर आना था वह यहां पहुंच नहीं सका। जिस विमान को यहां से इस उड़ान संख्या पर यात्रा करनी थी वह सुबह जब बिहार के रांची एयरपोर्ट पहुंचा तो वहां मौसम खराब होने की वजह से दृश्यता नहीं थी। नतीजतन उस विमान को कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया। उस समय तक पायलट और केबिन क्रू का तय समय खत्म हो चुका था। यदि निश्चित समय से ज्यादा पायलट या केबिन क्रू ड्यूटी करता है तो उनकी नौकरी चली जाएगी। ऐसे में दूसरे पायलट और क्रू सदस्यों का इंतजार किया गया। उनके आने के बाद शाम पौने सात बजे जब विमान कोलकाता से रांची पहुंचा तो वहां एक साथ इतने विमान आ चुके थे कि उसको 'बे' यानी स्टैंड नहीं मिल पाया। जैसे-तैसे बे मिलने के बाद विमान लखनऊ के लिए उड़ान भर सका।

ट्विटर पर दर्ज की नाराजगी

यात्रियों ने ट्विटर पर नाराजगी जताई। एक हैंडल के जवाब में इंडिगो की तरफ से जवाब दिया गया कि मौसम खराब होने की वजह से उड़ान लेट हुई। इंडिगो को इसके लिए खेद है।

सुजीत गुप्ता

सुजीत गुप्ता

    Next Story