लखनऊ

योगी सरकार ने बनाया एक और कीर्तिमान, पहली बार पूरी हुई दस महीने में UPPCS भर्ती

Shiv Kumar Mishra
8 April 2023 5:53 AM GMT
योगी सरकार ने बनाया एक और कीर्तिमान, पहली बार पूरी हुई दस महीने में UPPCS भर्ती
x
पहली बार 10 महीने में पूरी हो गई पीसीएस भर्ती

UPPSC PCS Result 2022: पीसीएस-2022 की भर्ती पहली बार रिकार्ड समय 10 महीने में पूरी कर ली गई है। इसकी प्री परीक्षा 12 जून को कराई गई थी और अब अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया है। परीक्षाओं के बीच ज्यादा अंतर नहीं रखा गया। प्री परीक्षा के तीन महीने बाद मुख्य परीक्षा कराई गई और उसके चार महीने बाद साक्षात्कार कराया। अफसर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) को भी पीछे छोड़ दिया है।

UPPSC PCS Result 2022: पहले पीसीएस भर्ती प्रक्रिया दो से तीन वर्ष में पूरी होती थी। लंबी चलने वाली भर्ती प्रक्रिया के चलते अभ्यर्थी भी परेशान होते थे। लेकिन यूपीपीएससी ने इसे पटरी पर लगा दिया है। इसमें यूपी के युवाओं ने अपना दमखम दिखाते हुए अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। सफल 364 अभ्यर्थियों में यूपी के 67 जिलों से 334 युवाओं ने सफलता प्राप्त करके अपने क्षेत्र का नाम रौशन किया है।

शेष 30 अभ्यर्थी अन्य राज्यों के रहने वाले हैं। यूपीपीएससी के प्रभारी सचिव विनोद कुमार गौड़ ने बताया कि चयन प्रक्रिया गुणधर्मिता, शुचिता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ 10 महीने में पूर्ण कर दी गई है। यह एक कीर्तिमान है। यूपी से सबसे ज्यादा 40 अभ्यर्थी लखनऊ के सफल हुए हैं। जबकि प्रयागराज के 29 और कानपुर के 15 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है। परिणाम में बेटियों ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। टॉप-थ्री में तीनों महिलाएं उत्तर प्रदेश से हैं। वहीं टॉप-20 में 12 महिलाओं ने सफलता हासिल की है।-

सीएम योगी ने दी बधाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सफल अभ्यर्थियों के साथ ही यूपीपीएससी को रिकार्ड 10 माह में परिणाम जारी करने और यूपी की बेटियों को अच्छे प्रदर्शन के लिए बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर यूपीपीएससी द्वारा रिकॉर्ड 10 माह में पारदर्शी व निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2022 में सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी। इस परीक्षा में प्रदेश की बेटियों की रिकार्ड सफलता एवं लगभग हर जनपद का प्रतिनिधित्व उत्तर प्रदेश की नई तस्वीर है।

अगली परीक्षा नौ महीने में करेंगे पूरी

आयोग के चेयरमैन संजय श्रीनेत ने कहा कि पूरी टीम की मेहनत से 10 महीने में भर्ती पूरी कर ली गई। इस गति को बरकरार रखा जाएगा और अगली परीक्षा नौ महीने में पूरा करने का प्रयास है। भर्ती प्रक्रिया लंबी खिंचने से अभ्यर्थियों में निराशा का भाव आ जाता है। भर्ती पूरी करने के लिए नौ महीने का समय पर्याप्त होता है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए आयोग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है।

Next Story