मेरठ

काठ की हांडी एक बार चढ़ चुकी है, अब नहीं चढ़ने वाली - राजनाथ सिंह

Special Coverage News
11 Aug 2018 2:27 PM GMT
काठ की हांडी एक बार चढ़ चुकी है, अब नहीं चढ़ने वाली - राजनाथ सिंह
x

मेरठ: केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आज मेरठ के सुभारती विश्वविद्यालय के मातादीन बाल्मिकी परिसर में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन किया। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 2014 में केंद्र में सरकार बनाने में किसी का सर्वाधिक योगदान था तो वह उप्र के कार्यकर्ता थे। आगे 2019 में भी यदि यह श्रेय किसी को जाएगा तो वह उप्र के अधिसंख्य कार्यकर्ताओं को ही जायेगा।

उन्होंने कहा तीन दिन बाद स्वतंत्रता दिवस है, और प्रधानमंत्री का भाषण भी होगा। आजादी हमें यूं ही नहीं मिली है। बहुत बलिदान देने पड़े हैं। हम राजनीति भी इसी लिए करते हैं। हम देश बनाने के लिए राजनीति करते हैं। भारत को स्वाभिमानी, समृद्धिशाली भारत बनाने के लिए करते हैं। सरकार कैसे चलाई जाती है वह अटल जी से सीखें, मोदी जी से सीखें। अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का मस्तक ऊपर उठाने का काम किसने किया। बहुमत की सरकार के खिलाफ कांग्रेस ऐंड कंपनी अविश्वास प्रस्ताव लेकर आई। उन्हें मुंह की खानी पड़ी। काठ की हांडी एक बार चढ़ चुकी है, अब नहीं चढ़ने वाली। राजनैतिक पार्टी के अध्यक्ष ने क्या लीला कर डाली। पूरे देश वासियों की तरह ही वह भी प्रधानमंत्री को गले लगाने चले गए। संसद में यह पहला चिपको अभियान था, उन्हें राजनैतिक मर्यादा और संसद की गरिमा का ख्याल भी नहीं रहा। आज सारी दुनिया के लिए भारत का स्थान ऊंचा हो रहा है। इसके बाद भी समाज को तोड़ने के लिए क्या-क्या प्रपंच किये जा रहे हैं।


सिंह ने कहा सरकार रहे या न रहे हम समाज को कभी भी नहीं तोड़ने देंगे। हम एक भारत श्रेष्ठ भारत में यकीन करते हैं। गरीबों के लिए काम करने की बातें नहीं यकीन भी दिलाते हैं। स्वच्छ भारत का सपना भी प्रधानमंत्री ने देखा, उसे खुद करके दिखाया। गरीबों की सरकार ने गरीबों के लिए 5 करोड़ गैस कनेक्शन, करोड़ों गरीबों का बैंक में खाता खुला। केवल टाटा, बिड़ला और अम्बानी ही नहीं अब गरीब भी बैंकों की चैखट पर पैर रख सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी कई मायनों में दूसरे दलों से भिन्न है। यह कोई फैमिली बेस्ड पॉलिटिकल आर्गेनाईजेशन नहीं हैं। हम देश बनाने के लिए राजनीति करते हैं। हमें राजनीति के खोये हुए अर्थ को दुबारा स्थापित करना हैं। हमारे पास पं. दीन दयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद है। हम अंत्योदय के पथ पर बढ़कर राष्ट्रोदय की ओर बढ़ रहे हैं।




इसके पूर्व कार्यसमिति की बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज हम अपनी क्षमताओं का आंकलन करने के लिए यहां पर उपस्थित हुए हैं। प्रदेश के भीतर वातावरण बदला है। अलीगढ़ में ही डिफेंस कॉरिडोर को लेकर 5000 करोड़ के निवेश का मार्ग प्रशस्त हुआ है। प्रधानमंत्री जी ने लखनऊ से देश के लिए योजनाएं दी थी, उसी दिन यूपी के लिए 60000 करोड़ रुपये के प्रस्ताव जमीन पर उतरे। इन्वेस्टर समिट के बाद लोग सवाल कर रहे थे, जमीन पर घोषणाएं आएंगी या नहीं। हमने इसे जमीन पर उतारा और 50 हजार करोड़ की योजनाएं पाइप लाइन में हैं।




मुख्यमंत्री ने कहा माहौल बदला है, विश्वास बढ़ा है, अराजकता को नियंत्रित करने में हमे सफलता मिली है। निवेश को लेकर स्थिति बदली है, हमे इसका प्रचार करना होगा। पहले विद्युत वितरण को लेकर भेदभाव होता था, 5 जिलों को बिजली मिलती थी। हमने यह भेदभाव समाप्त किया है। आम्बेडकर जयंती पर हमने जिला मुख्यालयों को 24, तहसील मुख्यालयों को 20 और गांवों में 18 घंटे बिजली दे रहे हैं। हर क्षेत्र में हमने भेदभाव समाप्त किया है। कांवड़ यात्रा भी सकुशल सम्पन्न हुई है। पर्व प्रतिबंध से नहीं सम्पन्न कराए जाते। 2019 के राजनैतिक कुम्भ में हम मोदी जी के नेतृत्व में पुनः विजय पताका लहराएगें

उन्होंने कहा आरोप लगता है कि भाजपा की सरकारें दलित और पिछड़ों की विरोधी है। हम विरोधियों से सवाल करते हैं कि उन्होंने नेतृत्व क्यों नहीं दिया। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सटी में दलितों को आरक्षण क्यों नहीं दिया गया। तुष्टिकरण और भेदभाव कौन करता है, यह बताने की जरूरत नहीं। गरीबों के बैंक में आज खाते खुले हैं। गरीबों के सिर पर हमने छत दी, एक करोड़ से ज्यादा शौचालय बने, लाखों लोगों को निःशुल्क गैस कनेक्शन दिए, 90 लाख लोगों को गैस कनेक्शन, बोर्ड परीक्षा भी नकल विहीन हो सकती है यह हमने कर दिखाया। एक करोड़ से ज्यादा बच्चों को निःशुल्क ड्रेस और जूते उपलब्ध कराए। किसानों के बारे में किसने सोचा 2014 के बाद भी नीतियों को प्रदेश में लागू नहीं होने दिया गया। सरकार बनते ही हमने कर्ज माफ किया। सीधी खरीद शुरू की।

उन्होंने कहा गेहूं खरीद में हमने रेकॉर्ड बनाया। अबतक 34 हजार करोड़ का बकाया भुगतान किया। हमने चीनी मिलें बंद नहीं कि, उन्हें बेचा भी नहीं। बल्कि बंद मिलों को शुरू किया। प्रधानमंत्री जी ने पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का शिलान्यास किया। यह एक्सप्रेसवे पूर्ववर्ती सरकार से सस्ती दर पर बनने जा रहा है। जबकि पूर्ववर्ती सरकार ने बिना किसी जमीन अधिग्रहण किये शिलान्यास कर दिया था। 45 मिनट में मेरठ से दिल्ली का सफर भी जल्द ही पूरा होगा। कार्य समिति के समाप्त होने के बाद यहां से निकले कार्यकर्ता जनमानस तक लोगों को सरकार की योजनाएं पहुंचाएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के 73+ के लक्ष्य को सभी कार्यकर्ता मिलकर पूरा करेंगे।

Next Story