उत्तर प्रदेश

यूपीः पंचायत चुनावों के लिए BJP प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों की घोषणा, मोदी-राजनाथ स्थायी आमंत्रित सदस्य

Arun Mishra
11 March 2021 12:39 PM GMT
यूपीः पंचायत चुनावों के लिए BJP प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों की घोषणा, मोदी-राजनाथ स्थायी आमंत्रित सदस्य
x
स्थायी आमंत्रित सदस्यों में पीएम नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुरली मनोहर जोशी, कल्याण सिंह आदि का भी नाम है।

उत्तर प्रदेश : भाजपा ने गुरुवार को प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों की घोषणा कर दी है। इसे प्रदेश में होने वाले पंचायत चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। समिति में 323 सदस्य शामिल हैं। इसमें से 94 विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। समिति की बैठक 15 मार्च को होनी है। पंचायत चुनाव के लिए होने वाली चौपाल से ठीक पहले सूची जारी हुई है। पिछले छह महीने से समिति के गठन का इंतजार था। स्थायी आमंत्रित सदस्यों में पीएम नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुरली मनोहर जोशी, कल्याण सिंह आदि का भी नाम है।

भाजपा ने पंचायत चुनाव को लेकर प्रचार शुरू कर दिया है। पार्टी गांव चौपाल कार्यक्रम के जरिए गांव-गांव जाकर मोदी व योगी सरकार की उपलब्धियां ग्रामीणों को बताएगी। इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक व सांसद और पार्टी के प्रदेश, क्षेत्रीय व जिला पदाधिकारी ग्राम पंचायतों में जाकर चौपाल लगाएंगे।

पंचायत चुनाव प्रभारी विजय बहादुर पाठक ने बताया कि चौपाल में प्रदेश सरकार के चार साल और केंद्र सरकार के साढ़े छह साल में गांवों के विकास की उपलब्धियां बताई जाएंगी। इसके तहत लोगों को गांव में बने करीब 15 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास, 25 लाख से अधिक शौचालय और महिला स्वयं सहायता समूह के जरिए 45 लाख से अधिक ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की जानकारी दी जाएगी।

गांव में शिक्षा, चिकित्सा व सड़क के क्षेत्र के विकास के साथ किसानों की आय दोगुनी करने के लिए किए गए उपायों को बताया जाएगा। उन्होंने बताया कि 18 मार्च तक चलने वाले कार्यक्रम में सभी 58 हजार ग्राम पंचायतों में चौपाल लगाने का प्रयास किया जाएगा।

Next Story