मिर्जापुर

गंगा नदी मे डूबने से भाई-बहन की मौत, चार लोगों को बचाया गया

Shiv Kumar Mishra
1 May 2022 3:36 PM GMT
गंगा नदी मे डूबने से भाई-बहन की मौत, चार लोगों को बचाया गया
x

मिर्जापुर- विध्याचल थाना क्षेत्र के परशुरामघाट पर रविवार की सुबह गंगा स्नान करते समय गहरे पानी में चले जाने से भाई-बहन की मौत हो गई। स्थानीय नाविकों की मदद से पिता सहित चार लोगों को बचा लिया गया। इस घटना से घाट पर हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से लोगों को सीएचसी विध्याचल पहुंचाया जहां उपचार के बाद सभी को छोड़ दिया गया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से पुलिस ने किशोर व किशोरी का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

सभी दर्शनार्थी जौनपुर से मां विध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने आए थे। जौनपुर के कोहड़ा गांव निवासी दिलीप तिवारी अपने परिवार के 18 लोगों के साथ मां विध्यवासिनी का दर्शन करने दो बोलेरो से रविवार को विध्याचल पहुंचे। मां का दर्शन करने से पहले गंगा स्नान करने परशुराम घाट गए और स्नान करने लगे। घर की महिलाएं घाट किनारे नहा रही थीं जबकि पुरुष वर्ग थोड़ी दूर पर स्नान कर रहे थे। वहीं 45 वर्षीय दिलीप तिवारी, उनकी बेटी 13 वर्षीय खुशी, बेटा 17 वर्षीय ऋषि तिवारी, भाई 30 वर्षीय गुडडू तिवारी, भतीजा 16 वर्षीय गोलू तिवारी व 10 वर्षीय अंकित तिवारी घाट से थोड़ी दूर पर नहा रहे थे। इसी बीच ऋषि व उसकी बहन खुशी, गोलू व अंकित घाट से आधा किलोमीटर दूर अंदर जाकर नहाने लगे। वहां भी घुटने के बराबर ही पानी था।

नहाते समय सभी एक-दूसरे से शरारत कर रहे थे। थोड़ा और आगे उत्तर की तरफ बढ़े तो पानी गहरा होने के कारण खुशी डूबने लगी। यह देख उसका भाई ऋषि उसे बचाने के लिए गया तो वह भी डूबने लगा। दोनों को डूबते देख पिता दिलीप तिवारी, चाचा गुडडू, चचेरा भाई गोलू आदि बचाने पहुंचे तो वे भी गहरे पानी में डूबने लगे। सभी को डूबते देख घाट किनारे नहा रही महिलाएं शोर मचाने लगीं। थोड़ी ही दूर पर मौजूद नाविक नाव लेकर पहुंचे और दिलीप, गुडडू, गोलू तथा अंकित को किसी तरह बचाकर बाहर ले आए।

चारों के बाहर लाने पर सभी खुशी व ऋषि को खोजने लगे तो उनका कहीं पता नहीं चला। यह देख उनके डूबने की आशंका जताते हुए सभी रोने लगे। कुछ देर पश्चात ऋषि तिवारी तथा लगभग एक घंटे पश्चात खुशी तिवारी को नाविकों ने पानी से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सीएचसी विध्याचल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

भाई-बहन की मौत से स्वजन का रोकर बुरा हाल हो गया। विध्याचल कोतवाल नीरज पाठक ने बताया कि गंगा में डूबे भाई-बहन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।फिलहाल पुलिस व गोताखोरों ने काफी मशक्कत की।

Next Story