मिर्जापुर

मिर्जापुर की सानिया बनेंगी देश की पहली मुस्लिम महिला फाइटर पायलट, पिता हैं TV मैकेनिक

Arun Mishra
23 Dec 2022 6:22 AM GMT
मिर्जापुर की सानिया बनेंगी देश की पहली मुस्लिम महिला फाइटर पायलट, पिता हैं TV मैकेनिक
x
NDA का रिजल्ट आते ही सानिया देशभर में सुर्खियों में आ गईं।

मिर्जापुर : उत्तर प्रदेश के जनपद मिर्जापुर की रहने वाली सानिया मिर्जा देश की पहली महिला फाइटर पायलट बनने जा रही हैं। सानिया ने NDA यानी नेशनल डिफेंस अकादमी की परीक्षा में 149वीं रैंक हासिल की है। वह UP की पहली महिला फाइटर पायलट भी होंगी। 27 दिसंबर को पुणे में ट्रेनिंग शुरू करके अपने सपने को सच करने जा रही हैं।

सानिया मिर्जापुर से करीब 10 किमी दूर जसोवर गांव की हैं। गांव के ही स्कूल से 10वीं की पढ़ाई की। 12वीं के लिए मिर्जापुर आईं और हिंदी मीडियम से पढ़ाई की। सानिया के पिता शाहिद अली, TV मैकेनिक हैं। गांव के घर पर ही उनकी दुकान है। NDA का रिजल्ट आते ही सानिया देशभर में सुर्खियों में आ गईं।

सानिया मिर्जा ने प्राइमरी से लेकर 10 तक की पढ़ाई गांव के पंडित चिंतामणि दूबे इंटर कॉलेज से पूरी की। इसके बाद 12 की पढ़ाई गुरुनानक इंटर कॉलेज से की, जहां पर जिला टॉप किया। 12 वीं पास करने के बाद सेंचुरियन डिफेंस एकेडमी से तैयारी किया, जहां बिटिया ने यह मुकाम हासिल करके जिले का ही नही बल्कि देश का नाम रोशन किया है। सानिया मिर्जा की जॉइनिंग लेटर आने के बाद परिवार के लोग खुश हैं। 27 दिसंबर को सानिया को एनडीए खड़गवासला पुणे में जाकर जॉइन करना है।

सानिया ने कहा कि आज की लड़कियों के लिए मैं यहीं कहना चाहूंगा कि जो मां बाप सोचते है कि ढेर सारा पैसा इक्कठा करके बिटिया शादी कर दें। इससे अच्छा है कि उन पैसों से बिटिया की पढ़ाई और उसके सपनों को पूरा करने में खर्च किया जाए। मैं बाहर पढ़ाई करती हूं, उसको लेकर समाज में बात कही जाती थी, लेकिन मेरे ऊपर उन बातों का कोई असर नहीं है। क्योंकि समाज मेरी फीस नहीं दे रहा है। मेरे माता-पिता मेरे साथ है, परिवार के लोग मेरे साथ है यह बहुत है।

नेशनल डिफेंस एकेडमी 2022 की परीक्षा में महिला व पुरूष मिलाकर 400 सीट थी, जिसमें 19 सीट महिलाओं के लिये आरक्षित किया गया था। दो सीट फाइटर पायलट के लिए आरक्षित की गई थी, जिसमें सानिया मिर्जा ने अपना स्थान हासिल किया है। इससे पहले एक बार सानिया ने परीक्षा दी थी, जहां क्वालीफाई नहीं हुई थी। दूसरी बार रिटर्न, इंटरव्यू, सीपीएस मेडिकल फिटनेस क्वालीफाई करके दो सीट में जगह बनाने में कामयाब रही।

Next Story