
- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- मुज्जफरनगर
- /
- डंडे के बल पर वसूली...
डंडे के बल पर वसूली करने के मामले में समाजवादी व कांग्रेस मीडिया सेल ने यूपी सरकार को घेरा

अमर राठी
जनपद शामली में जिला पंचायत के नाम पर डंडे के बल पर वसूली का वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपित गिरफ्तार भी कर लिए है। अब समाजवादी पार्टी की मीडिया सेल और यूपी कांग्रेस की ओर से एक्स पर पोस्ट कर वीडियो की निंदा करते हुए यूपी सरकार पर हमला किया गया। वीडियो प्रसारित होने के बाद फिलहाल जिले में सभी स्थानों पर वसूली भी बंद हो गई है।
जिला पंचायत की ओर से भूसा, पराली, लोहा आदि मालवाहक वाहनों से वसूली के लिए सात जनवरी 2026 से आठ जनवरी 2029 तक के लिए टेंडर दिया गया है। टेंडर की आड़ में कुछ युवक डंडे के बल पर हरियाणा सीमा पर कैराना यमुना ब्रिज और बिड़ौली यमुना ब्रिज समेत जिले की सीमा पर पांच स्थानों पर वसूली कर रहे थे।
पिछले दिनों हरियाणा निवासी एक ट्रक चालक ने वीडियो प्रसारित करते हुए डंडे के बल पर वसूली करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने डंडे के बल पर वसूली करने वाले तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि एक फरार की तलाश जारी है। फिलहाल पांचों स्थान पर वसूली भी बंद.
इस मामले में नया मोड़ आया। समाजवादी पार्टी की मीडिया सेल और यूपी कांग्रेस की ओर से वीडियो को एक्स पर प्रसारित करते हुए यूपी सरकार पर आरोप लगाए गए। एक्स पर दोनों पोस्ट का जवाब देते हुए शामली पुलिस ने लिखा कि इस प्रकरण में दो आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके है।




