नोएडा

अनिल दुजाना के पत्नी पूजा नागर लड़ेंगी जिला पंचायत का चुनाव, नोएडा में सरगर्मी तेज

Shiv Kumar Mishra
3 April 2021 12:57 PM GMT
अनिल दुजाना के पत्नी पूजा नागर लड़ेंगी जिला पंचायत का चुनाव, नोएडा में सरगर्मी तेज
x
इससे पहले पिछले पंचायत चुनाव में अनिल दुजाना इसी वार्ड से चुनाव लड़ा था। तब अनिल दुजाना ने रिकॉर्ड वोट हासिल किए थे।

नोएडा (Noida) के कुख्यात गैंगस्टर अनिल दुजाना (Anil Dujana) की बीवी पूजा नागर (Pooja Nagar) गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत (Gautam Budh Nagar Zilla Panchayat) का चुनाव लड़ेगी। इस मामले को लेकर शनिवार को दुजाना गांव में पंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें फैसला लिया गया कि जिला पंचायत के वार्ड नंबर-2 से पूजा नागर बतौर निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारी जायेंगी। पूजा का वोट दुजाना गांव में पहले ही बन चुका है। शनिवार की शाम अनिल दुजाना के वकील ने मिडिया को यह जानकारी दी है।

दरअसल, करीब 1 महीने से यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि अनिल दुजाना या उसकी पत्नी गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत का चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, इस सवाल पर अनिल दुजाना के वकील जितेंद्र नागर ने पहले साफ इनकार किया था। लेकिन, अब शनिवार को जितेंद्र नागर की ओर से आधिकारिक तौर पर बताया गया है कि अनिल दुजाना की पत्नी पूजा नागर जिला पंचायत का चुनाव लड़ेगी। पूजा नगर वार्ड नंबर-2 से चुनाव मैदान में होंगी। इससे पहले पिछले पंचायत चुनाव में अनिल दुजाना इसी वार्ड से चुनाव लड़ा था। तब अनिल दुजाना ने रिकॉर्ड वोट हासिल किए थे।

आपको बता दें कि करीब 1 महीने पहले अदालत से जमानत हासिल करने के बाद अनिल दुजाना ने पूजा के साथ शादी की थी। हालांकि, अनिल और पूजा की सगाई करीब एक-डेढ़ साल पहले हो चुकी थी। अब इस रिश्ते को अनिल दुजाना ने मुकम्मल शक्ल दी है। जिस वार्ड नंबर-2 से पूजा अवाना चुनाव लड़ेंगी, वह अन्य पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित है। बहुजन समाज पार्टी ने इस वार्ड से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जयवती नागर को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला लिया है। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी भी रविवार को देर रात तक अपनी उम्मीदवार की घोषणा कर देगी।

कुल मिलाकर अब जिले में सबकी नजरें वार्ड नंबर-2 पर टिक गई हैं। अनिल दुजाना के वकील जितेंद्र नागर ने बताया कि क्षेत्र के लोगों से सलाह मशवरा करने के लिए शनिवार को एक पंचायत बुलाई गई थी। जिसमें फैसला लिया गया कि पूजा अवाना जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ेगी। पूजा अवाना का वोट दुजाना गांव की वोटर लिस्ट में दर्ज हो चुका है। पूजा की उम्र 22 वर्ष है। वह यूपी बोर्ड से इंटरमीडिएट पास कर चुकी है। फ़िलहाल अब जिले के सभी लोंगों की निगाह इस वार्ड पर लगी हुई है।

Next Story