
सहेली की घूर रहा था टांगे, महिला ने जड़ा थप्पड़, और फिर ...

सेक्टर-53 स्थित कंचनजंगा मार्केट में एक महिला ने अपनी सहेली की टांग को घूरने पर एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया। इससे युवक गुस्से में आ गया। उसका कहना था कि वह अपने गीले जूते को उतारने के लिए नीचे झुका था। दोनों में इस बात को लेकर झगड़ा होने लगा तो आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया।
महिला ने कंट्रोल रूम पर सूचना देकर पुलिस को बुला लिया। मौके पर पहुंची सेक्टर-24 पुलिस दोनों को लेकर थाने आ गई। थाने में दो घंटे की जद्दोजहद के बाद मामला तब सुलझा जब महिला की दोस्त ने शिकायत में अपना नाम डालने से मना कर दिया।
मामला सेक्टर-53 की एक मिठाई की दुकान का है। युवक वहीं काम करता है। पास की सोसायटी में रहने वाली करीब 45 साल की एक महिला अपनी एक दोस्त के साथ मिठाई लेने दुकान पर पहुंची थीं।
दुकान में काम करने वाले युवक के झुकने पर महिला को लगा कि वह उनकी सहेली की टांगें देख रहा है। इस पर उन्होंने युवक को फटकारा। युवक ने बताया कि वह गीले जूते उतारने के लिए नीचे झुका था। इस पर महिला ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। आसपास के लोग वहां जमा हो गए।




